गोला बाजार। क्षेत्र के कुनवार गांव में संदिग्ध परिस्थिति में गर्भवती महिला की मौत होने पर पुलिस ने जांच के लिए जलती चिता से ही शव उठवा ली। मायके वालों ने ससुराल वालों पर महिला की हत्या करने का आरोप लगाते हुए गोला पुलिस को सूचना दी थी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और तहरीर मिलने पर कार्रवाई की बात कह रही है।
गोला थानाक्षेत्र के सुरदापार शुक्ल गांव निवासी सुमन (32) की शादी दस वर्ष पहले कुनवार गांव के ध्रुव नरायन शर्मा से हुई थी। वह ट्रक चालक है और दोनों के दो बच्चे हैं। बुधवार की रात सुमन की संदिग्ध परिस्थिति में मौत हो गई। सुबह आनन-फानन में घरवाले अंतिम संस्कार के लिए शव लेकर मुक्ति पथ पहुंच गए। इसी बीच किसी व्यक्ति ने सुमन की मौत की सूचना उसकी मां कौशल्या देवी को दे दी। इसके बाद मायके वालों ने पुलिस को सुमन की हत्याकर शव जलाने की सूचना दे दी। हरकत में आई पुलिस मौके पर पहुंच गई और जलती चिता को बुझाकर शव कब्जे में ले लिया। हालांकि शव करीब 80 प्रतिशत जल चुका था। पुलिस ने शव के अवशेष को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। ध्रुव नरायन का कहना है किसुमन गर्भवती थी। रात को उसके पेट में दर्द हुआ। परिवार के लोग बड़हलगंज निजी अस्पताल ले गए, वहां से डॉक्टर ने उसे गोरखपुर रेफर कर दिया, मगर रास्ते में ही सुमन की मौत हो गई। वहीं कौशल्या देवी का कहना है कि उनकी बेटी की हत्या की गई है, साक्ष्य मिटाने के लिए ससुराल वाले अंतिम संस्कार में जुटे थे। इंस्पेक्टर अंजनी श्रीवास्तव का कहना है कि अभी तहरीर नहीं मिली है। मायके वालों ने आरोप लगाया है। कार्रवाई की जाएगी।