मानबेला के किसानों ने कांग्रेस नेता के साथ जुलूस निकालकर प्रदर्शन किया।
- फोटो : Amar Ujala
मानबेला में लगातार तीसरे दिन शनिवार को भी महिलाओं ने जमकर बवाल किया। पुलिस को स्थिति को काबू में करने के लिए बल प्रयोग करना पड़ा। पथराव कर रही चार महिलाओं को पुलिस ने हिरासत में लेने के साथ ही पूर्व पार्षद कुद्दूस अली समेत 12 लोगों को चिह्नित किया है। जीडीए इन सभी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराएगा।
प्राधिकरण के अफसरों का मानना है कि पूर्व पार्षद की शह पर ही पिछले तीन दिनों से महिलाएं विरोध कर रही थीं। दोपहर बाद से देर शाम तक मानबेला पुलिस की छावनी बना रहा। दूसरी ओर गांव के लोगों का आरोप है कि पुलिस ने उनके घरों में घुसकर उन्हें पीटा है। कहा कि जबरन उनकी जमीन पर कब्जा किया जा रहा है और विरोध करने पर मुकदमे में फंसाने की धमकी मिल रही है।
जीडीए की टीम दोपहर करीब तीन बजे जैसे ही ईडब्लूएस के आवंटियों को कब्जा दिलाने मानबेला गांव के करीब पहुंची, पहले से जुटी महिलाओं ने उन पर हमला बोल दिया। ईंट और पत्थर फें कने के साथ ही महिलाओं ने पुलिस तथा जीडीए के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी। पुलिस ने धारा 144 लागू होने का हवाला देते हुए पहले उन्हें शांत कराना चाहा। इसके बाद भी महिलाओं की ओर से पथराव करने पर पुलिस को सख्ती करनी पड़ी। महिला पुलिस ने चार महिलाओं को हिरासत में ले लिया। बाकी हंगामा कर रहे कुछ लोगों पर पुलिस ने बल प्रयोग कर दिया, जिससे वहां अफरा-तफरी मच गई। गांव में सन्नाटा पसर गया। गांववाले घरों में छुप गए। विरोध की वजह से करीब एक घंटे तक आवंटियों को कब्जा दिलाने का काम ठप रहा। शाम 4.45 बजे से जीडीए ने ईडब्लूएस के आवंटियों को कब्जा देने के लिए सर्वे शुरू किया।
39 आवंटियों को दिया गया कब्जा
आठ फरवरी से शुरू हुए अभियान के तहत जीडीए की टीम ने शनिवार की दोपहर तीन बजे तक 39 आवंटियों को कब्जा दिलाया। विरोध के बीच जीडीए ने शुक्रवार को 67 आवंटियों और बृहस्पतिवार को 63 को कब्जा दिलाया था। कब्जा दिलाने का काम 11 फरवरी तक चलेगा। इसके पहले हाईकोर्ट की सख्ती पर प्राधिकरण ने पिछले महीने ही 102 आवंटियों को कब्जा दिलाया था। इस तरह अब तक 271 आवंटियों को कब्जा दिलाया जा चुका है।
जुलूस निकालकर ज्ञापन देने पहुंचे किसान
एक तरफ मानबेला की कुछ महिलाओं ने आवंटियों को कब्जा दिलाने के दौरान जमकर हंगामा किया, वहीं दूसरी तरफ कांग्र्रेसी नेता राणा राहुल की अगुवाई में मानबेला के 50 से अधिक किसानों ने जुलूस निकालकर राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन जिला प्रशासन को दिया। किसानों के आने की सूचना मिलते ही अधिकारी सतर्क हो गए। अवकाश के दिन भी एहतियातन कलेक्ट्रेट के सभी गेट बंद कर दिए गए और ज्वाइंट मजिस्ट्रेट राहुल पांडेय की अगुवाई में पुलिस तैनात कर दी गई। किसानों से गेट पर ही ज्ञापन लेकर उन्हें लौटा दिया गया। किसानों का जुलूस गोलघर स्थित काली मंदिर से शुरू होकर चेतना तिराहा, गोलघर, कचहरी चौराहा होते हुए कलेक्ट्रेट पहुंचा। ज्ञापन के माध्यम से राणा राहुल ने किसानों को सर्किल रेट के मुताबिक मुआवजा देने की मांग की। साथ ही चेतावनी भी दी कि किसान जान दे देंगे, मगर अपनी जमीन पर कब्जा नहीं होने देंगे।
शनिवार को 39 आवंटियों को कब्जा दिया गया। महिलाओं के विरोध और पथराव की वजह से दोपहर बाद कब्जा देने का काम थोड़ी देर के लिए बाधित रहा, मगर शाम को ईडब्लूएस वालों को कब्जा दिलाने के लिए सर्वे किया गया। पूर्व पार्षद कुद्दूस अली समेत विरोध क र रही महिलाओं को शह देने वालों के खिलाफ प्राधिकरण मुकदमा दर्ज कराएगा।
- राम सिंह गौतम, सचिव, जीडीए