गोरखपुर। गोरखनाथ इलाके के स्टेपिंग स्टोन इंटर कॉलेज में दूसरे की जगह पर परीक्षा देते हुए सॉल्वर को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। उसके पास से फर्जी प्रवेशपत्र और आधार कार्ड बरामद किया गया है। अभ्यर्थी और पकड़े गए युवक के खिलाफ गोरखनाथ थाने में धोखाधड़ी, कूटरचित दस्तावेज तैयार करने सहित कई धाराओं में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। अभ्यर्थी की तलाश में पुलिस टीम लगी है।
देवरिया जनपद के बनकटा थाना क्षेत्र के पोखरा, हाट निवासी अरुण यादव रोल नंबर (3352280789) की परीक्षा स्टेपिंग स्टोन कॉलेज में होनी थी। उसकी जगह पर बिहार जनपद के पटना निवासी संतोष कुमार यादव परीक्षा देने पहुंच गया था। गोपनीय सूचना के आधार पर पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई। जांच के दौरान फर्जी प्रवेशपत्र और आधार कार्ड बरामद हो गया। सॉल्वर की पुष्टि होने के बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में उसने बताया कि 50 हजार रुपये में परीक्षा में शामिल होना तय हुआ था। परीक्षा के बाद ही रकम मिलनी थी।