गोला (गोरखपुर)।
टेहरीभार गांव के पास झाड़ी में तांत्रिक कोल्हई हरिजन (45) की लाश मिली। उसके सिर पर खौलता तरल पदार्थ फेंके जाने से जलने के निशान मिले हैं। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव के लिए पोस्टमार्टम भेजा। घरवालों ने हत्या की आशंका जताई है।
टेहरीभाग गांव निवासी कोल्हई झाड़ फूंक करता था। बृहस्पतिवार की सुबह दस बजे के करीब वह घर से निकला था और फिर नहीं लौटा। शाम छह बजे तक घर न लौटने पर परिजन उसकी तलाश करने लगे। इसी बीच रात साढ़े आठ बजे के करीब गांव के एक टोले के लोगों ने झाड़ियों के बीच शव देखा और पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने शव को झाड़ी से बाहर निकाला तो उसकी पहचान हुई और घरवाले को सूचना दी गई। कोल्हुई के सिर पर जलाए जाने के निशान मिले है जिससे हत्या की आशंका व्यक्त की जा रही है। हालांकि घरवालों ने किसी रंजिश से इंकार किया है। गोला इंस्पेक्टर प्रदीप का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत की वजह स्पष्ट हो पाएगी।