गोरखपुर।
खोराबार इलाके के तारामंडल रोड पर बुद्ध बिहार पार्ट सी के पास अचेत हाल में निर्वस्त्र युवती मिलने से सनसनी फैल गई। पुलिस रेप के बाद युवती को फेंके जाने की आशंका जता रही है। उसे जिला अस्पताल में दाखिल कराया गया है, जहां उसकी हालत चिंताजनक बनी हुई है। होश में न होने से उसका नाम-पता नहीं मालूम हो सका है। युवती के दाहिने हाथ पर चोट के निशान हैं और गर्दन के पास का कुछ हिस्सा पहले से जला दिखाई दे रहा है। घटना से नाराज लोगों ने रास्ता जाम करने की भी कोशिश की लेकिन पुलिस के समझाने पर हट गए।
खोराबार के रामपुर निवासी धीरज सिंह साथियों के साथ शहर से गांव लौट रहे थे। बुद्ध बिहार पार्ट सी के पास ही उनकी नजर सड़क किनारे पड़ी एक युवती पर पड़ी। उसे निर्वस्त्र देखकर उनके होश उड़ गए और उन्होंने तत्काल सूचना पुलिस को दी। सूचना के बाद पहुंची डायल 100 की गाड़ी ने युवती को कपड़े में लपेटा और महिला अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती कराया। प्रत्यक्षदर्शी के मुताबिक युवती की उम्र करीब 20 साल है और उसके हाथ पर चोट के निशान थे। अनुमान जताया जा रहा है कि रेप के बाद युवती को कहीं से लाकर फेंका गया है और फिर बदमाश फरार हो गए हैं। एसओ खोराबार अतुल सिंह ने बताया कि युवती के होश में आने के बाद ही घटना की पूरी जानकारी हो पाएगी।