पिपराइच (गोरखपुर)। पिपराइच के बैलो गांव में मंगलवार की रात पुरानी रंजिश में एक दुकान में घुसकर विशेष समुदाय के लोगों ने तोड़फोड़ की। दुकान मालिक योगेंद्र सिंह ने भागकर जान बचाई। गांव में घटना की जानकारी फैलते ही दो समुदायों के लोग आमने-सामने आ गए। पुलिस ने बीच-बचाव कर मामला शांत कराया। मामले में योगेंद्र की तहरीर पर 28 नामजद और 150 अज्ञात के खिलाफ गंभीर धाराओं में केस दर्ज किया गया है।
बैलो गांव निवासी योगेंद्र सिंह की गांव में ही दुकान है। आरोप है कि मंगलवार की रात नौ बजे के करीब समीउल्लाह उर्फ भुवर कुछ सामान खरीदने आए। किसी बात पर दोनों में विवाद हो गया। इसके बाद समीउल्लाह लौट गए और फिर कई लोगों के साथ दुकान पर धावा बोल दिया। योगेंद्र को मारा-पीटा। योगेंद्र किसी तरह से जान बचाकर भागे और अपने साथियों को इसकी जानकारी दी। सूचना पर पुलिस भी गांव में पहुंच गई। थोड़ी देर बाद ही दोनों समुदाय के लोग आमने-सामने हो गए लेकिन पुलिस ने समझा बुझाकर मामला शांत करा लिया। पुलिस ने समीउल्लाह, इंजमामउलहक, सब्बीर अली, शमशेर आलम, कमाल, अब्दुल रहीम को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। एहतियातन गांव में फोर्स तैनात है।