चोरों ने शनिवार की रात बड़हलगंज, खोराबार और गगहा क्षेत्र में चार मकान और एक दुकान में गहने और कैश समेत लाखों की चोरी करके पुलिस की रात्रि गश्त की उपयोगिता पर सवाल खड़े कर दिए। चोरी होने के बाद रविवार को पुलिस सिर्फ जांच के नाम पर लकीर पीटती रही।
बड़हलगंज। कोतवाली क्षेत्र के सिधुआपार गांव में अप्रवासी भारतीय अर्जुन तिवारी के बंद पड़े मकान का ताला तोड़ कर चोर तीन लाख कैश और जेवरात समेत लाखों ले गए। अजुर्न सिंह के अनुसार परिवार दुर्गा पूजा मनाने गांव गया हुआ था, 53 लाख की चोरी हुई है।
रविवार को सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने डाग स्कॉवड और फोरेंसिक टीम के साथ छानबीन की। कंसासुर टेढ़वा के मूल निवासी अर्जुन तिवारी सिधुआपार में मकान बनवा कर रहते हैं। अर्जुन के तीन बेटे ओमप्रकाश, मनोज और धर्मेंद्र बैंकाक में रहते हैं।
अर्जुन की तीनों बहुएं कुसुम, रीना और पूजा भी इसी मकान में रहती हैं। दस दिन पूर्व पूरा परिवार दुर्गा पूजा मनाने गांव गया हुआ था। शुक्रवार को अर्जुन के भाई आजाद मकान में रखा लाइसेंसी असलहा लेकर गांव गए थे। रविवार की सुबह पूरा परिवार घर लौटा तो घर का मुख्य दरवाजा अंदर से बंद था और सीढ़ी का दरवाजा टूटा था।
कारोबारियों के मकान और दुकान का ताला टूटा
बुद्घबिहार और सिद्घार्थ इन्क्लेब कॉलोनी से लाखों ले गए चोर
खोराबार। क्षेत्र के रामगढ़ चौकी के तारामंडल स्थित बुद्घबिहार में मार्बल की दुकान और सिद्घार्थ इन्क्लेब कॉलोनी में जमीन कारोबारी के मकान में लाखों की चोरी हो गई। झंगहा के परसौनी के तेनुआ खुर्द निवासी प्रभुनाथ की तारामंडल स्थित बुद्घबिहार में मार्बल की दुकान है।
रविवार की सुबह जब वह दुकान पहुंचे तो शटर का ताला टूटा हुआ था। प्रभुनाथ के अनुसार चोर कैश काउंटर तोड़कर 45 हजार रुपये ले गए। उन्होंने पुलिस को तहरीर दे दी है। तारामंडल के सिद्धार्थ इन्क्लेव कॉलोनी में खजनी के मंझरिया निवासी जमीन कारोबारी पवन सिंह के मकान का ताला तोड़कर चोर करीब 6 लाख के जेवरात और 49 हजार रुपये कैश ले गए। पवन की पत्नी अमृता प्राइवेट स्कूल की शिक्षक हैं, और दोनों यहां किराए पर रहते हैं।
दशहरा मनाने दोनों अपने बच्चों के साथ गांव गए हुए थे। पवन के अनुसार चोरों ने एक धमकी भरा पत्र भी मकान में छोड़ा है। पवन सिंह ने पुलिस को तहरीर दी है। इसके पूर्व 4 जुलाई को मकान के बाहर खड़ी पवन सिंह की स्कार्पियो भी चोर उठा ले गए थे।
गगहा में दो मकानों में चोरी
गगहा । क्षेत्र के भीटी गांव में शनिवार की रात चोरों ने दो घरों का ताला तोड़कर चोरी की। रंजीत सिंह और अयोध्या सिंह के मकान का ताला तोड़कर चोरी हुई है।