कैंपियरगंज में बस स्टैंड के पास से सब्जी लेकर लौट रहे बालक को टैंकर ने रौंद दिया। हादसे में बालक की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं चालक टैंकर लेकर भागने में सफल रहा। राहगीरों ने बाइक से पीछा कर टैंकर का फोटो खींच लिया, जिसमें नंबर प्लेट साफ दिख रहा है। पुलिस फोटो के आधार पर कार्रवाई कर रही है। घटना से आसपास के लोगों में काफी आक्रोश है।
बनभागलपुर निवासी श्रीराम का 11 वर्षीय बेटा जेबीक्रांत बुधवार को सब्जी लेने बस स्टैंड के पास बाजार गया था। वहां से लौटते समय वह सोनौली की ओर जा रही ऑयल कंपनी के टैंकर की चपेट में आ गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद ही चालक टैंकर लेकर भाग निकला। लेकिन कुछ लोगों ने बाइक से पीछा कर उसका नंबर ले लिया और पुलिस को जांच के लिए सौंप दिया। हादसे की खबर मिलते ही घर में कोहराम मच गया।
कार की टक्कर से तीन घायल
बड़हलगंज में रामजानकी गोला मार्ग परगढ़वारामपुर गांव के सामने कार की टक्कर से साइकिल सवार दो व्यक्ति घायल हो गए। वहीं इसी मार्ग पर स्टैंड पर खड़ी ऑटो से एक बाइक सवार टकरा गया। घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है। बुधवार को दिन में तीन बजे के करीब कुल्दवाबारी निवासी अलाउद्दीन (60) मऊ के घोसी निवासी रिश्तेदार मोहम्मद इसरत (30) को साइकिल से लेकर बड़हलगंज आ रहे थे कि रास्ते में कार से उनकी टक्कर हो गई। वही मऊ के दोहरीघाट क्षेत्र के खरकौली निवासी सुधीर कुमार उर्फ सिंटू बाइक से गोला रोड पर खड़े ऑटो से टकरा गए। तीनों घायलों का उपचार चल रहा है।
बस की टक्कर से महिला घायल
राजघाट पुल के पास रोडवेज बस की टक्कर से स्कूटी सवार महिला घायल हो गई। साथ में उसका चार साल का बच्चा भी था। नौसड़ निवासी विनोद की पत्नी हिमालया मंडी में कर्मचारी है। बुधवार को वह बेटे के साथ सुबह 11:30 बजे के करीब राजघाट पुल की ओर जा रही थी कि पीछे से बस ने टक्कर मार दी, जिससे वह घायल हो गईं।