बीस पर बिजली चोरी के आरोप में केस दर्ज
बिजली निगम और विजिलेंस टीम ने 156 कनेक्शनों की जांच की
अमर उजाला ब्यूरो
गोरखपुर। बिजली निगम और विजिलेंस टीम ने संयुक्त रूप से बक्शीपुर इलाके में छापेमारी की। इस दौरान बीस उपभोक्ताओं पर बिजली चोरी के आरोप में केस दर्ज किया। 14 कनेक्शन काटने के साथ 4.23 लाख रुपये की वसूली की गई।
बिजली निगम की टीम ने कार्रवाई का तरीका बदला है। छापा डालने वाले दिन अधिकारियों को इलाके के बारे में पता चलता है। सोमवार को अचानक बक्शीपुर उपकेंद्र पर टीम के लोग जुटे। फिर छापेमारी करने पहुंचे। इस दौरान कुल 156 कनेक्शनों की जांच की गई। एमआरआई कनेक्शन में दस किलोवाट से पचास किलोवाट की खपत वाले चौदह कनेक्शन काटे गए। इन पर भी साढ़े तीन लाख रुपये से अधिक का बकाया था। अधीक्षण अभियंता एके सिंह ने बताया कि आगे भी इस तरह मास रेड अभियान चलता रहेगा। इस दौरान विजिलेंस निरीक्षक विवेक सिंह, मुकेश राय, संजय सिंह, जेई विजिलेंस अश्वनी पांडेय, इंजीनियर जेपी यादव, आकांक्षा जायसवाल, एसडीओ गोरखनाथ नीरज दुबे, बृजेश त्रिपाठी मौजूद रहे।