बिजनौर। ट्रेन में सवार गोरखपुर की महिला का पर्स चुराकर भाग रहा युवक चलती ट्रेन से कूदकर गंभीर रूप से घायल हो गया। वहीं सदमे से महिला की मौत हो गई। बेटी और दामाद शव को बिना पोस्टमार्टम कराए वापस घर ले गए। गोरखपुर के बक्शीपुर मोहल्ले की निवासी रेखा देवी (55) शुक्रवार को ट्रेन से रिश्तेदारों के साथ हरिद्वार जा रही थीं। करीब रात 11 बजे ट्रेन के झालू स्टेशन पर पहुुंचने पर एक उचक्का महिला का पर्स चुराकर भाग गया। शोर मचाने पर यात्रियों ने उसे पकड़ने का प्रयास किया तो वह चलती ट्रेन से कूद गया। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। इधर महिला अचानक बेहोश हो गईं।
रेखा के दामाद कमल किशोर ने उन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया, वहां डॉक्टर ने महिला को मृत घोषित कर दिया। इमरजेंसी के चिकित्सकों के अनुसार महिला की मौत दिल का दौरा पड़ने से हुई है। हालांकि आरपीएफ और जीआरपी ने ट्रेन में इस तरह की घटना होने से इन्कार किया है। जबकि मृतका के रिश्तेदारों का आरोप था कि आरपीएफ और जीआरपी ने घटनाक्रम को बदलने का प्रयास किया है। महिला की मौत केवल हार्ट अटैक से होना बताया है। पर्स चुराए जाने की वजह से ही महिला की मौत हुई है। हल्दौर थानाध्यक्ष सतेंद्र भड़ाना ने बताया कि ट्रेन से गिरे एक युवक को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया था। प्राथमिक उपचार के बाद उसके परिवार के लोग उसे किसी प्राइवेट अस्पताल में ले गए। मामले की ज्यादा जानकारी उन्हें नहीं है।