गोरखपुर। हरपुर बुदहट पुलिस ने बुधवार को कटाईटीकर पुल के पास से लूट के एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने पकड़े गए आरोपी के पास से लूट के 2200 रुपये, बैंक का पासबुक और एक तमंचा बरामद किया है।
बुधवार को एसपी साउथ ज्ञानप्रकाश चतुर्वेदी ने प्रेस कांफ्रेंस कर बताया कि 24 मई 2018 को कटसहरा बाजार के पास तमंचे के बल पर लुटेरों ने नंदू से दस हजार रुपये लूट लिए थे। बैंक के सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस लुटेरों की पहचान कर तलाश में जुटी थी। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने लूट के एक आरोपी तथा सहजनवां के इमिलडीहा निवासी रामनारायन उर्फ गुड्डू को घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया। एसपी साउथ ने बताया कि लूट का दूसरा आरोपी सहजनवां के जाल्हेपार निवासी धर्मेंद्र यादव बाइक से फरार हो गया। लूट के दस हजार रुपये को दोनों ने दो हिस्सों में बांट लिया था।