पिछले दिनों मांझा से हुए जानलेवा हादसों के बाद एक बार फिर श्यामगंज फ्लाईओवर पर बड़ा हादसा होने से बचा। फ्लाईओवर से गुजर रहे एक युवक मांझा की चपेट में आ गया। जिससे उसकी नाक में करीब 4 सेंटीमीटर तक गहरा घाव हो गया। मौके पर मौजूद राहगीरों ने युवक को तत्काल खुशलोक हॉस्पिटल में एडमिट कराया। जहां उसकी हालत डॉक्टर्स ने गंभीर बताई है।
बुद्घवार की शाम करीब साढ़े छह बजे वीरसावरकर नगर निवासी रौनक बाइक से बरेली कॉलेज की ओर से अपने घर जा रहा था। जैसे ही वह फ्लाईओवर के बीच में पहुंचा उसके चेहरे पर अचानक मांझा आ गया। जिससे उसकी नाक पर गहरा घाव हो गया। बाइक को रोककर वह जमीन पर बैठ गया वहीं रास्ते से गुजर रहे विकास भवन में आधार सेंटर पर संचालक विकास व अन्य ने तत्काल युवक को अपनी बाइक से खुशलोक हॉस्पिटल ले गए. इमरजेंसी में एडमिट कराया. जहां डॉक्टर्स ने नाक में हुए गहरे घाव पर टांके लगाए हैं.
टूट गए तार सेतु निगम अनजान
राहगीर विकास के मुताबिक पिछले दिनों आई आंधी के दौरान फ्लाईओवर पर मांझा का आतंक रोकने के लिए बिजली के खंभों के बीच में लगे तार टूट गए. जिसकी जानकारी सेतु निगम के अधिकारियों को है लेकिन वह उन्होंने कोई कार्रवाई नहीं की है. तार टूटने से मांझा सीधे फ्लाईओवर पर पहुंच रहा है. जिसकी चपेट में बुद्घवार को रौनक आ गया. अगर यह तार जल्द ठीक नहीं हुए तो आगामी दिनों में कोई बड़ा हादसा होने की संभावना है.
आंधी के दौरान मांझा को रोकने के लिए लगाए गए तार टूट गए हैं. जिन्हें जल्द ही फिर से ठीक कर दिया जाएगा.
एसके गर्ग, उप परियोजना निदेशक, सेतु निगम