घटना के बाद पुलिस लोगों से पूछताछ करती हुई।
- फोटो : Amar Ujala
गोरखपुर। खोराबार इलाके के बुद्ध विहार पार्ट सी से बाइक सवार व्यापारी पवन साहनी के अपहरण से सनसनी फैल गई। स्कार्पियो सवार तीन लोगों ने पवन को पिस्टल सटाकर कार में बैठा लिया और देवरिया की ओर लेकर भाग गए। बाइक चला रहे दोस्त ने पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना दी तो पुलिस अफसरों के होश उड़ गए। मौके पर पहुंचे पुलिस वाले पूछताछ कर आरोपियों की तलाश कर रहे है। व्यापारी का मोबाइल स्विच्ड ऑफ जा रहा है। पुलिस मामले को लेनदेन से जोड़कर देख रही है। उधर, घरवालों ने किसी से दुश्मनी या प्रॉपर्टी विवाद से इंकार किया है।
बुद्ध विहार पार्ट सी पवन साहनी (42) की राजघाट इलाके में शृंगार की दुकान है। वह एक प्राइवेट फाइनेंस कंपनी में एजेंट के तौर पर भी काम करते हैं। राजघाट के चकरा अव्वल के पास उनका पुराना मकान है। वहां उनके भाई प्रमोद व अन्य घरवाले रहते हैं। मंगलवार रात 9:20 बजे के करीब वह चकरा अव्वल के आशीष के साथ बाइक से घर लौट रहे थे। घर से थोड़ी ही दूर पर एक सफेद रंग की स्कार्पियो ने ओवरटेक कर उन्हें रोक लिया और कार से उतरे तीन युवकों ने पिस्टल सटाकर पवन को गाड़ी में बैठा लिया और देवरिया की ओर फरार हो गए। इस दौरान बदमाशों को देखकर आशीष घबराकर पास की झाड़ी में छिप गया। बदमाशों के जाने के बाद आशीष ने पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना दी। वायरलेस सेट पर अपहरण की सूचना प्रसारित होते ही इंस्पेक्टर फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस व्यापारी के भाई और दोस्त से पूछताछ कर आरोपियों का हुलिया जानने की कोशिश कर रही है।