फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

यूपी: भाजपा के पूर्व जिला महामंत्री के ड्राइवर की गोली मारकर हत्या, गुस्साई भीड़ ने लगाया जाम

Tue, 24 Sep 2019 01:26 AM IST
Prachi Priyam न्यूज डेस्क, अमर उजाला, गोरखपुर
विज्ञापन
बिलखते परिजन और सड़क पर लगा जाम - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

भाजपा के पूर्व जिला महामंत्री के ड्राइवर की सोमवार को नेदुला चौराहे पर बाइक सवार हमलावरों ने गोली मारकर हत्या कर दी और फरार हो गए। घटना से गुस्साई भीड़ ने रोडवेज बस और तीन ट्रकों में तोड़फोड़ की और हाईवे पर जाम लगा दिया। परिजनों ने गांव के ही तीन लोगों पर हत्या का आरोप लगाया है। साथ ही पूर्व चौकी इंचार्ज कलेक्ट्रेट पर साजिश रचने का आरोप मढ़ा है। मामले में पूर्व चौकी प्रभारी समेत चार पर हत्या और हत्या की कोशिश का केस दर्ज किया गया है। एसपी ने आरोपी पूर्व चौकी इंचार्ज को निलंबित कर दिया है। उधर, पुलिस ने चार घंटे बाद जबरन शव को कब्जे में लेकर जाम खुलवाया। 

विज्ञापन


कोतवाली क्षेत्र के ऊनखास गांव निवासी लवकुश (35) भाजपा के पूर्व महामंत्री दीपू सिंह के ड्राइवर थे। उनके पिता सूर्यलाल यादव ने बताया कि गांव के प्रेम प्रकाश सिंह ने एक माह पूर्व लवकुश के बड़े बेटे कृष्णचंद्र से गुटखा खरीद कर लाने को कहा था। बात नहीं मानने पर प्रेम प्रकाश ने कृष्णचंद्र की पिटाई कर दी। 

लवकुश इस बात की उलाहना देने पहुंचा तो उसकी साथ मारपीट की गई और चाकू लेकर दौड़ाया गया। लोगों ने आरोपी से चाकू छीन कर कोतवाली पुलिस को सौंपते हुए पूरी घटना की जानकारी दी थी, लेकिन पुलिस ने मामले को हल्के में लिया। सूर्यलाल ने आरोप लगाया कि इस विवाद को लेकर उनके बेटे की हत्या की गई है। 
विज्ञापन


सोमवार सुबह सवा नौ बजे लवकुश नेदुला चौराहे पर आटा चक्की पर दीपू सिंह का आटा लेने गए थे। आटा लेकर वह सिंह के बंजरिया स्थित घर पहुंचाने जा रहे थे। आरोप के अनुसार गांव के प्रेम प्रकाश सिंह, आकाश उर्फ दिव्यांशु सिंह और शैलेंद्र सिंह ने आटा चक्की से 100 मीटर की दूरी पर गोली मारकर लवकुश की हत्या कर दी। कलेक्ट्रेट के पूर्व चौकी इंचार्ज चंदन कुमार पर हत्या की साजिश रचने का आरोप है। सूर्यलाल के अनुसार पांच दिन पूर्व चंदन कुमार ने लवकुश की हत्या की धमकी दी थी।

विज्ञापन

चार घंटे जाम रहा हाईवे

लवकुश की हत्या से गुस्साई भीड़ ने करीब चार घंटे तक हाईवे जाम रखा। इस दौरान भीड़ ने बस्ती की ओर से आ रही बस्ती डिपो की एक बस, एयरफोर्स की मिनी ट्रक और दो अन्य ट्रकों में तोड़फोड़ भी की। वारदास से खफा लोग साजिश रचने के आरोपी पूर्व चौकी इंचार्ज चंदन कुमार को मौके पर बुलाने और उसके खिलाफ कार्रवाई की मांग कर रहे थे। 

लोगों ने कोतवाल के खिलाफ भी कार्रवाई की मांग की है। उधर, जाम की वजह से हाईवे पर दोनों ओर गाड़ियों की लंबी लाइन लग गई। दोनों लेन पर आवागमन ठप होने से गोरखपुर की ओर मगहर तक और बस्ती की ओर टेमा रहमत चौराहे तक जाम लग गया। हत्या और जाम की सूचना पर एसपी, एएसपी, सीओ, एसडीएम के साथ कई थाने की पुलिस मौके पर पहुंच गई थी। 

लवकुश के पिता सूर्यलाल की तहरीर पर आरोपी प्रेम प्रकाश सिंह, आकाश उर्फ दिव्यांशु सिंह, शैलेंद्र सिंह और पूर्व चौकी प्रभारी कलेक्ट्रेट चंदन कुमार के खिलाफ हत्या, हत्या की साजिश रचने और जानमाल की धमकी देने का केस दर्ज किया गया है। चंदन कुमार को निलंबित कर दिया गया है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम लगा दी गई है- एसपी ब्रजेश सिंह
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें