पुलिस जिसे मान रही थी मृत, वह प्रेमी के साथ पंजाब में मिली
गोरखपुर। चौरीचौरा इलाके से चार महीने लापता युवती पंजाब में प्रेमी के साथ मिली। वह प्रेमी से शादी करने के बाद पंजाब में रहने लगी थी। इसकी जानकारी होने पर पुलिस टीम के साथ घरवाले भी वहां पहुंचे और युवक- युवती को साथ ले आए। हालांकि, युवती के गायब होने के कुछ दिन बाद ही इलाके में एक शव मिला था, जिसे पुलिस लापता युवती का मान रही थी और पीपीगंज के पास ट्रैक किनारे मिले युवक के शव को उसके प्रेमी का मान रही थी। अब दोनों तो लौैट आए। मगर वह युवती और युवक कौन थे जिसका शव मिला था। अब उनकी पहचान पुलिस के लिए चुनौती बन गई है।
जानकारी के मुताबिक चौरीचौरा इलाके से एक युवती 10 जुलाई को लापता हो गई थी। उसी दिन से बगल के गांव का एक युवक भी गायब था। पुलिस ने छानबीन शुरू की तो दोनों के बीच करीबी रिश्ते के बारे में पता चला। इस आधार पर पुलिस ने मान लिया कि दोनों आपसी सहमति से एक साथ घर से भागे हैं। उनकी तलाश की जा रही थी कि 18 जुलाई को युवती के गांव के पास पानी भरे गड्ढे में एक शव मिला। लंबाई आदि के आधार पर पुलिस उसे लापता युवती का शव मान रही थी। हालांकि परिजनों ने शिनाख्त नहीं की थी। उसी दिन पीपीगंज क्षेत्र में एक युवक का शव मिला था। संयोग से उसका हुलिया युवती के साथ गायब युवक से मिल रहा था। पुलिस को शक था घर से भागने की वजह से दोनों की हत्या कर दी गई है। उनकी पहचान स्थापित कराने के लिए युवती और युवक के साथ ही उनके परिजनों का डीएनए जांच के लिए भेजा गया है। अभी जांच रिपोर्ट नहीं आई है। इस बीच लापता युवती अपने प्रेमी के साथ पंजाब में मिल गई।