फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

सभी सीवीओ का वेतन रोकने के निर्देश

विज्ञापन
विज्ञापन
गोरखपुर। विकास कार्यों की समीक्षा बैठकों में लगातार अनुपस्थित रहने से खफा कमिश्नर पी. गुरुप्रसाद ने देवरिया के बीएसए समेत मंडल के सभी मुख्य पशु चिकित्साधिकारियों का वेतन रोकने की संस्तुति की है। उन्होंने देवरिया के बीएसए से जवाब-तलब करने के साथ ही देवरिया के डीएम को निर्देश दिया कि वे बीएसए को वेतन न निकालने दें। इसी तरह गलत जानकारी और आंकड़ों में हेर फेर करने पर महराजगंज के उप निदेशक कृषि को प्रतिकूल प्रविष्टि (एडवर्स एंट्री) देने की संस्तुति की।
विज्ञापन



मंगलवार को कमिश्नर सभाकक्ष में हुई सभी विभागों की समीक्षा के दौरान लक्ष्य के सापेक्ष प्रगति नहीं होने पर कमिश्नर ने नाराजगी जताई। उन्होंने हिदायत दी कि अगर जल्द ही कार्य की रफ्तार नहीं बढ़ाई गई तो कार्रवाई तय है।  कृषि विभाग की समीक्षा के दौरान उन्होंने पाया कि सोलर फोटो वल्टैइक सेल की स्थापना में 67 के सापेक्ष 67 उपलब्धियां दिखाई गई थीं जबकि वास्तविक रूप से 59 की ही स्थापना हुई थी।

आंकड़ों में हेर फेर से खफा कमिश्नर ने उप निदेशक कृषि महराजगंज को प्रतिकूल प्रविष्टि देने का निर्देश दिया। एयरपोर्ट से सर्किट हाउस तक फोरलेन के निर्माण में विद्युत पोल बदलनेे की समस्या पर अधीक्षण अभियंता लोनिवि ने बताया कि विद्यत विभाग से पोल हटाने में खर्च का इस्टीमेट मिल जाए तो धन आवंटित करा लिया जाए। इस पर कमिश्नर ने मुख्य अभियंता विद्युत को निर्देश दिया कि एक सप्ताह के भीतर सर्वे कराकर इस्टीमेट उपलब्ध करा दें।
विज्ञापन



नौसढ़ से खजनी रोड पर 6 कि लोमीटर तक अधूरी सड़क के संबंध में पूछे जाने पर बताया गया कि इसके लिए  4 करोड़ 70 लाख का फंड स्वीकृत हो गया है, इस वित्तीय वर्ष में धन उपलब्ध हो जाएगा मगर निर्माण अगले वित्तीय वर्ष में ही शुरू हो सकेगा। देवरिया से कुशीनगर के बीच 2 किलोमीटर बाकी बची सड़क का निर्माण मार्च तक पूरा कर लेने का आश्वासन दिया गया। इस दौरान कमिश्नर ने कन्या विद्या धन, समाजवादी पेंशन, लोहिया आवास आदि योजनाओं की भी समीक्षा की। संयुक्त विकास आयुक्त गोविंद लाल श्रीवास्तव, मुख्य अभियंता विद्युत डीके सिंह, उप निदेशक अर्थ एंव संख्या अमजद अली अंसारी सहित कई मंडलीय अधिकारी उपस्थित रहे।
विज्ञापन

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें