हाटा कोतवाली क्षेत्र के एक मदरसे में शिक्षक द्वारा 15 अगस्त को सांस्कृतिक कार्यक्रम के लिए छात्राओं के कपड़े बदलने की तस्वीर सीसीटीवी कैमरे में कैद करने का मामला प्रकाश में आया है। जानकारी मिलने पर सोमवार को अभिभावक थाने पहुंचे और तहरीर देकर आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया है। उससे पूछताछ की जा रही है।
हाटा कोतवाली के एक गांव में सरकारी सहायता प्राप्त मदरसा संचालित होता है। 15 अगस्त को यहां सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया था। इस मौके पर मदरसे की छात्राओं को कपड़े बदलने के लिए एक कमरा दिया गया था। आरोप के अनुसार उस कमरे में सीसीटीवी कैमरा लगा हुआ था और एक शिक्षक ऑफिस में बैठकर बच्चियों को कपड़े बदलते देख रहा था। अभिभावकों का कहना है कि शिक्षक ने खुद ही इस बात की जानकारी छात्राओं को दी।
छात्राओं ने जब इसकी जानकारी घरवालों को देने की बात कही तो आरोपी ने नाम काटने की धमकी देकर उन्हें शांत करा दिया। 10 दिन बाद कुछ अभिभावकों को मामले की जानकारी मिली तो उन्होंने मामले की जानकारी अन्य छात्राओं के अभिभावकों को दी । जिसके बाद सब थाने पहुंचे और पुलिस को पूरे मामले की जानकारी दी।
कोतवाल कमलेश सिंह ने बताया कि शिकायत मिली है। आरोपी शिक्षक को हिरासत में ले लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है। आरोप सही साबित हुए तो कड़ी कार्रवाई की जाएगी।