14 दिन में डुप्लीकेट सर्टिफिकेट, 60 दिन में नाम सुधार
गोरखपुर। केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) ने छात्रों और अभिभावकों की सुविधा के लिए अब हर काम की समय सीमा तय करते हुए सिटीजन चार्टर जारी किया है। इसके मुताबिक 10वीं-12वीं के छात्रों को डुप्लीकेट सर्टिफिकेट आवेदन करने से दो हफ्ते में उपलब्ध कराया जाएगा। संबंधित रीजनल ऑफिस की यह जिम्मेदारी है। ऑफलाइन आवेदन करने के दो हफ्ते के अंदर छात्रों को डुप्लीकेट सर्टिफिकेट मिल जाएगा।
विषय में परिवर्तन रीजनल ऑफिस लेवल पर 30 दिन और हेडक्वार्टर लेवल पर 60 दिन के अंदर होगा। छात्रों के नाम, माता-पिता के नाम, सरनेम, जन्मतिथि में सुधार आवेदन के 60 दिनों के भीतर किया जाएगा। सर्टिफिकेट वेरिफिकेशन के लिए भी 60 दिन तय है। इस चार्टर में एफिलिएशन, एडमिनिस्ट्रेशन, एग्जामिनेशन सहित सभी काम के लिए समय सीमा तय की गई है। सीबीएसई की ओर से ऑनलाइन शिकायतों के लिए डायरेक्टरेट ऑफ एडमिनिस्ट्रेटिव एंड पब्लिक ग्रीवांस पोर्टल बनाया है। ऑफलाइन शिकायतों के लिए सेक्रेटरी को ग्रीवांस ऑफिसर बनाया गया है। सभी रीजनल अधिकारी नोडल ऑफिसर होंगे। विभागों की शिकायत 3 दिन में फारवर्ड की जाएगी।
:::: कोट
सीबीएसई ने अभिभावकों और विद्यार्थियों की सहूलियत के लिए सिटीजन चार्टर लागू किया है। आदेश मिला है। इसे अपने अपने स्कूलों में लागू कराया जाएगा।
अजय शाही, अध्यक्ष गोरखपुर पब्लिक स्कूल एसोसिएशन