आशा की सेवा समाप्त, दो झोलाछाप पर केस
अमर उजाला ब्यूरो
दुदही /बरवापट्टी। दुदही ब्लॉक के रामपुर पट्टी गांव की मुसहर बस्ती में दस दिन में तीन मुसहरों की बुखार और पेट दर्द से हुई मौत के मामले पर शासन ने संज्ञान लिया है। सूत्रों के अनुसार, वरिष्ठ अफसरों से इस संबंध मे रिपोर्ट मांगी गई है। वहीं दोषी पाए जाने पर आशा की सेवा समाप्त कर दी गई। और इलाज करने वाले दो झोलाछापों पर केस दर्ज कराया गया है।
दुदही सीएचसी के प्रभारी चिकित्साधकारी डॉ. एके पांडेय ने बताया कि सीएमओ के निर्देश पर गांव की आशा की सेवा समाप्त कर दी गई है। इलाज करने वाले झोलाछाप विनोद, निवासी गौरीश्रीराम, थाना विशुनपुरा और विजय निवासी थाना बरवापट्टी पर तहरीर के आधार पर विशुनपुरा पुलिस ने जालसाजी, गैर इरादतन हत्या और इंडियन मेडिकल एक्ट के तहत केस दर्ज किया गया है।
रामपुर पट्टी निवासी पंकज मुसहर (17) पुत्र हदरी की बुखार और पेट दर्द से शनिवार को मौत हो गई थी। वहीं मनोज मुसहर की पांच वर्षीय पुत्री 15 दिन पहले बुखार एवं पेट से पीड़ित थी। 12 अगस्त को उसकी भी मौत हो गई। 28 वर्षीय विपत मुसहर पुत्र विश्वनाथ पहले से टीबी से पीड़ित थे, लेकिन एक सप्ताह से बुखार और पेट दर्द की दिक्कत शुरू हो गई। 17 अगस्त को शाम को उनकी भी मौत हो गई। अब भी गांव की उषा (28), कांति (30) , मुन्नी (18), बसंती (40), गिरधारी (40),नेहा (7),नागेंद्र (22) और यमुना (50) बुखार और पेट दर्द से पीड़ित है।
वंचित मुसहरों का बनेगा शौचालय : डीपीआरओ
दुदही /बरवापट्टी। रामपुर पट्टी में मुसहरों के लिए बने 75 प्रतिशत शौचालय उपयोग के लायक नहीं होने की खबर ‘अमर उजाला’ में प्रकाशित होने के बाद सोमवार को डीपीआरओ राघवेंद्र द्विवेदी ने संज्ञान लिया। डीपीआरओ गांव में पहुंचे और पीड़ित परिवारों का हाल जाना और शौचालयों की स्तिथि देखी। 26 मुसहर परिवार शौचालय से वंचित पाए गए। शाम तक सभी हैंडपंप में क्लोरीन की गोली एवं गांव में फॉगिंग कराने का निर्देश दिए। डीपीआरओ ने बताया कि जिले के 13ं4 गांवों में मुसहर निवास करते हैं। सूची तैयार कराई जा रही है कि कितने मुसहर शौचालय से वंचित है। यदि उनके पास जमीन है तो तत्काल शौचालय बनवाया जाएगा। यदि जमीन नहीं है तो एसडीएम से पत्राचार कर मुसहरों को जमीन मुहैया कराए जाने की मांग की जाएगी। इसके साथ हैंडपंपों के क्लोरीन की गोलियां डलवाने के साथ फॉगिंग करा कर उसकी फोटो उपलब्ध कराने का निर्देश बैठकर सचिव व प्रधानों को दिया गया है।
मदद दिलाने का दिया भरोसा
दुदही /बरवापट्टी। तीन मुसहरों की मौत की सूचना पर बीज एवं खाद निगम के उपाध्यक्ष राजेश्वर सिंह सोमवार को गांव में पहुंचे और पीड़ित परिवारों से मुलाकात कर शासन से आर्थिक मदद दिलाने का आश्वासन दिया। गांव के लोगों ने शिकायत किया कि इस गांव से चार किलोमीटर दूरी पर बना प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र रामपुर बरहन सप्ताह में कई- कई दिनों तक नहीं खुलता है। कोटेदार एक माह के अंतराल पर अनाज देता है। पूर्ति निरीक्षक कोई कार्रवाई नहीं करते। इस पर पूर्ति निरीक्षक एवं प्रधान को फटकार लगाई। सीएमओ से वार्ता कर स्वास्थ्य केंद्र रामपुर बरहन में तैनात स्वास्थ्य कर्मियों को निलंबित करने की मांग की। जिलाध्यक्ष हियुवा संजय सिंह मुन्ना जिलाध्यक्ष, जिला संयोजक चंद्रप्रकाश यादव चमन, प्रमुख प्रतिनिधि दुदही ओमप्रकाश वर्मा, दिग्विजय किशोर शाही, विहिम जिलाध्यक्ष, किशन राय मधु, राणा प्रताप सिंह आदि मौजूद रहे।
मृत बच्ची समेत चार बच्चों को जन्म से नहीं लगा कोई टीका
दुदही/बरवापट्टी। 12 अगस्त को जिस पांच वर्षीय बच्ची की मौत हुई थी। बच्ची समेत चार बच्चों का आज तक किसी प्रकार का टीका नहीं लगा। यह बात सोमवार को रामपुर पट्टी पहुंचे डिप्टी सीएमओ की जांच में सामने आई। सोमवार को डॉ. ताहिर अली, डॉ. एसके सोनकर गांव में पहुंचे और मृतक रीमा की दादा गुल्ली से पूछताछ की तो पता चला कि यह बच्ची समेत चार भाई बहन है। रानी (14), रेनू (12), राजन (7) और रीमा 5 वर्ष की। जिसमें रीमा की मौत हो गई। गुल्ली से जब जांच टीम ने पूछा कि बच्चों को कोई सुई लगी है तो गुल्ली ने बताया कि जन्म के बाद आज तक इन चारों बच्चों को कोई टीकाकरण नहीं हुआ है। यह बात सुनकर जांच टीम हैरत में पड़ गई। प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉक्टर एके पांडेय ने बताया कि जांच के दौरान यह मामला सामने आया है। बहुत ही गंभीर प्रकरण है। जांच कर दोषी मिलने वाले कर्मचारियों पर आवश्यक ही करवाई की जाएगी।