मेडिकल कॉलेज में भर्ती घायल भाजपा नेता।
- फोटो : amar ujala
बेलीपार के मरवड़िया कुआं में शुक्रवार की शाम बाइक सवार युवकों ने जिला पंचायत सदस्य रहे भाजपा नेता को गोली मार दी। वारदात के बाद बदमाश फरार हो गए। मेडिकल कॉलेज में भर्ती भाजपा नेता ने अपने छोटे भाई और उसके दो साथियों पर संपत्ति विवाद को लेकर हमला करने का आरोप लगाया है। पुलिस आरोपियों की तलाश में दबिश दे रही है।
हरदिया पिछौरा गांव के रहने वाले भाजपा नेता भागीरथी निषाद (48) पूर्व जिला पंचायत सदस्य रह चुके हैं। चार भाइयों में वह दूसरे नंबर के हैं। घर के बंटवारे को लेकर बड़े भाई जोगिंदर छोटे भाई श्यामरथी और संतोष से दो साल से विवाद चल रहा है। शुक्रवार शाम सात बजे वह गांव के ही ड्राइवर मकसूद के साथ जीतपुर बाजार गए थे। शाम 7:30 बजे के करीब वह घर लौट रहे थे। रास्ते में मरवड़िया कुआं के पास बाइक सवार तीन बदमाशों ने उनकी जीप रोकने की कोशिश की।
खतरे का अंदेशा भांपकर ड्राइवर ने गाड़ी की स्पीड बढ़ा दी, तो बदमाशों ने गोलियां बरसानी शुरू कर दी, जिसमें से एक गोली भागीरथी के दाहिनी कोहनी के नीचे और दूसरी बाएं तरफ सीने में लगी है। वारदात के बाद मरवड़िया कुआं में भगदड़ मच गई। आसपास के लोगों ने घटना की जानकारी पुलिस के साथ ही भाजपा नेता के घरवालों को दी। ड्राइवर मकसूद उन्हें जिला अस्पताल लेकर आया, जहां से उन्हें मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। मेडिकल कॉलेज में भाजपा नेता ने पुलिस को बताया कि उनके छोटे भाई संतोष ने अपने साथी निश्चल और एक अज्ञात के साथ हमला किया है।
दो साल पहले भी किया था हमला
दो साल पहले भी भाजपा नेता भागीरथी निषाद पर हमला हुआ था। भाइयों से संपत्ति विवाद के चलते उन पर हमला किया गया था। भागीरथी ने बताया कि उस बार भी छोटे भाई संतोष ने गांव के सूरज और निश्चल के साथ मिलकर वारदात को अंजाम दिया था। एक सप्ताह पहले भी इनके बीच मारपीट हुई थी। पुलिस ने इस मामले में दोनों पक्ष के लोगों का शांतिभंग में चालान किया था।