मेडिकल कॉलेज में मेन ऑर्थो ओटी में सी आर्म मशीन खराब होने से मेजर ऑपरेशन ठप हो गए हैं। एक हफ्ते से मशीन खराब है। सोमवार को इसकी जानकारी तब सार्वजनिक हुई, जब एक मरीज को ऑपरेशन के सारे सामान खरीदने के बाद लौटा दिया गया। पूछे जाने पर डॉक्टरों ने उसे बताया कि मशीन में तकनीकी खराबी है और जब तक वह ठीक नहीं होगी, ऑपरेशन नहीं हो पाएगा।
गुलरिहा थाना क्षेत्र के पिपरी गांव निवासी रामअर्चन (60) 19 मई को छत से नीचे गिर गए थे, जिससे उनका कूल्हा टूट गया था। बेटा धरमू गुप्ता इलाज के लिए उन्हें लेकर मेडिकल कॉलेज की ओपीडी में दिखाया था तहां पर सोमवार को ऑपरेशन की तारीख दी गई थी। इसके लिए सामान की लिस्ट पकड़ा दी। धरमू पूरा सामान खरीद कर ले आया। मगर ऑपरेशन नहीं हुआ। पूछे जाने पर डॉक्टर ने कहा कि मशीन खराब हो गई है। ऑपरेशन नहीं हो पाएगा, बाद में आना। फिर घर वालों ने इसका विरोध शुरू कर दिया तो मामला उजागर हो गया।
मालूम हो कि हड्डियों के ऑपरेशन में इस्तेमाल होने वाली सी-आर्म मशीन एक हफ्ते से खराब है और मेजर ऑपरेशन होल्ड किए जा रहे हैं। वार्ड में भर्ती कई मरीजों के भी ऑपरेशन मशीन ठीक न होने से ठप हैं। सी आर्म मशीन हड्डी में कहां समस्या है इस बारे में बता देती है। समस्या जानने के बाद डॉक्टर उस जगह रॉड डालनी है या ऑपरेशन करना है, तय करते हैं। इस मशीन की सबसे ज्यादा जरूरत गोली लगने के मामले में ऑपरेशन के समय होती है। क्योंकि इससे ही गोली की सटीक स्थिति सामने आ जाती है।
कोट
मशीन के खराब होने की जानकारी मुझे नहीं दी गई है। यदि ऐसा है तो पता करके मशीन ठीक करा दिया जाएगा।
- डॉ. एके श्रीवास्तव, चिकित्सा अधीक्षक