गीडा में करीब दो सालों से बंद पड़े प्राइवेट अल्टरनेटिव डिस्प्यूट रिजोल्यूशन (एडीआर) प्लांट को पुन: शुरू करने की कवायद तेज हो गई है।
ऑयल कंपनी के अफसरों की मानें तो नए साल में इसकी शुरुआत हो जाएगी। इसके बाद गोरखपुर के अलावा देवरिया, महाराजगंज, कुशीनगर के उपभोक्ताओं को भी राहत मिलेगी। यहां प्रतिदिन रिफिल होने वाले लगभग पांच हजार सिलिंडरों को आवश्यकतानुसार जिलों में भेजा जाएगा।
दो साल पहले तक इंडियन ऑयल एडीआर प्लांट को अपने सिलिंडर और तय रकम दे देता था और रोजाना बॉटलिंग प्लांट से सिलिंडर रिफिल होकर मिल जाते थे, मगर करार खत्म हो जाने से यह प्लांट बंद हो गया। इसके बंद होने की वजह कुछ अफसरों की मांगें पूरी न होना बताया जाता है।
इधर बीच घरेलू गैस सिलिंडरों की किल्लत कम करने के लिए इंडियन ऑयल ने गीडा के बंद पड़े प्लांट को पुन: शुरू करने की पहल की। इसके साथ ही प्लांट का इंडियन ऑयल के अफसरों ने दौरा किया। उन्होंने कुछ आवश्यक निर्माण कराने के निर्देश दिए। बता दें कि प्लांट के लिए टेंडर निकाला जा चुका है और एडीआर ने इसे भरा है।
एरिया मैनेजर चेतन पटवारी ने बताया कि एडीआर बॉटलिंग प्लांट शुरू करने की प्रक्रिया चल रही है। टेंडर निकाला गया है। एडीआर की ओर से पहल भी हो चुकी है। कुछ निर्माण आवश्यक है जिसके लिए निर्देश दिए गए हैं। एग्रीमेंट लखनऊ से होगा। जल्द ही प्रक्रिया पूरी कर इसे शुरू कर दिया जाएगा।