‘अमर उजाला फाउंडेशन’ की ओर से स्वैच्छिक रक्तदान दिवस पर 14 जून को जिला अस्पताल के ब्लड बैंक में रक्तदान शिविर का आयोजन किया जा रहा है। सुबह नौ से दोपहर दो बजे तक आयोजित इस शिविर में 18 से 60 साल के बीच का कोई भी व्यक्ति रक्तदान कर सकता है। रक्तदाताओं को ‘अमर उजाला फाउंडेशन’ की ओर से प्रशस्ति पत्र दिया जाएगा। जिला अस्पताल के ब्लड बैंक प्रभारी डॉ. केएम सिंह ने बताया कि रक्तदान करने वालों की ब्लड ग्रुप के साथ खून की अन्य जांच भी मुफ्त की जाएगी।
ये भी जानिए
एक बार में 350 मिलीग्राम खून लिया जाता है
तीन महीने के अंतराल पर ही रक्तदान करना चाहिए
रक्तदान से हुई खून की कमी 24 घंटे मेें पूरी हो जाती है
एक यूनिट ब्लड से एक यूनिट प्लाज्मा, एक यूनिट प्लेटलेट्स, एक यूनिट आरबीसी और एक यूनिट क्रायो मिलता है
रक्तदान से पहले क्या करें
खाली पेट रक्तदान न करें। पर्याप्त पेय पदार्थ या अल्पाहार जरूर लें
रक्तदान के आधे घंटे पहले तंबाकू या सिगरेट का सेवन न करें
रक्तदान से पहले पर्याप्त नींद और आराम करना चाहिए
रक्तदान के फायदे
शरीर में खून बनने की प्रक्रिया तेज होती है
रक्तदान पूर्व की जांच से शरीर की स्थिति का पता चलता है
साल में एक बार रक्तदान न करने वालों के खून का दान योग्य अंश स्वत: नष्ट हो जाता है
रक्तदान के लिए जरूरी
रक्तदाता की उम्र 18 से 60 साल के बीच हो
शरीर का वजन न्यूनतम 45 किलो होना चाहिए
हीमोग्लोबिन 12.5 फीसदी होना चाहिए
किसे नहीं करना है रक्तदान
गर्भवती महिलाएं और एचआईवी पॉजिटिव व्यक्तियों को
एनीमिया, कैंसर और टीबी से ग्रस्त लोगों को
किडनी रोग और हेपेटाइटिस बी पॉजिटिव लोगों को
डायबिटीज, अस्थमा और पीलिया से पीड़ित को
24 घंटे में मद्यपान करने वाले को
छह महीने में गोदना (टैटू), कान छेदन या एक्यूपंचर कराने वाले को
तीन महीने में रक्तदान किया हो या जिसने मलेरिया का इलाज कराया हो
एक महीने में किसी भी प्रकार का टीकाकरण कराया हो