हाईटेंशन लाइन के नीचे घर बनवाने वाले सात सौ परिवारों को नोटिस
गोरखपुर। बरहुआं ट्रांसमिशन से शहरी क्षेत्र के मोहद्दीपुर व बरगदवां विकास नगर तक आने वाली हाईटेंशन लाइन के नीचे बनाए गए 700 घरों को नियम विरुद्ध मकान बनवाने पर निगम की तरफ से नोटिस भेजा गया है। निगम के अधिकारियों का मानना है कि इन घरों की वजह से आए दिन शहर के विभिन्न उपकेंद्रों की बिजली गुल हो जाती है। वहीं हाईटेंशन लाइन से हादसा होने का खतरा हर समय बना रहता है।
दरअसल, बरहुआ ट्रांसमिशन से महानगर के आधा दर्जन उपकेंद्रों को 132 केवी ट्रांसमिशन उपकेंद्र के जरिए सप्लाई दी जाती है। हाईटेंशन लाइन की चपेट में आने से कई हादसे हो चुके हैं। साथ ही हाईटेंशन लाइन में दर्जनों बार ट्रिपिंग हुई। प्रत्येक ट्रिपिंग के बाद ट्रांसमिशन के जेई व कर्मचारियों ने पेट्रोलिंग की, लेकिन उन्हें कुछ भी नहीं मिलता। रिले सिस्टम के जरिए उन्हें टावर पर ट्रिपिंग की जानकारी होती है। बीते दिनों हाईटेंशन लाइन से युवक की मौत के बाद इस मुद्दे पर अभियान चलाया गया था। पिछले कई दिनों बाद हड़ताल खत्म होते ही खबर का संज्ञान लेकर ऐसे घरों को चिह्नित कर उन्हें नोटिस भेजा गया है।
30 मीटर की दूरी पर बनाएं मकान
ट्रांसमिशन के अधिकारियों ने बताया कि तार व टावर के सेंटर से 30 मीटर दूर ही मकान बनाने के नियम है, लेकिन मोहद्दीपुर विकास नगर और रुस्तमपुर इलाके में लोगों ने टावर के पास तक मकान बना लिया है। इसी वजह से उनके घरों की छत से हाईटेंशन लाइन की दूरी बेहद कम है।
कोट
शहर में अवैध तरीके से बिना निगम से एनओसी लिए बनाए गए आवासों को चिह्नित कराया जाएगा। इन्हें नोटिस भेज कर निर्माण ध्वस्त कराने का निर्देश दिया जाएगा।
देवेंद्र सिंह, मुख्य अभियंता