गोरखपुर। सांसद महंत आदित्यनाथ ने कहा कि त्रि-स्तरीय पंचायत के लिए चुने गए प्रतिनिधि ईमानदारी से अपने दायित्वों का निर्वहन करें। जनता ने विश्वास उन पर किया है उस पर खरा उतरने का एक सुनहरा अवसर भारत सरकार दे रही है। पंचायत प्रतिनिधि गांव के विकास की धुरी बनें।
उन्होंने यह वक्तव्य खोराबार एवं पिपरौली ब्लाक के चुने गए ग्रामप्रधान तथा अन्य प्रतिनिधियों के सम्मेलन को संबोधित करते हुए दिया। उन्होंने कहा कि जनता के चुने गए प्रतिनिधि आमजन के विश्वास के प्रतीक माने जाते हैं। कल्याणकारी योजनाओं को अगर हम ईमानदारी के साथ आम जन तक पहुंचा सकें तो हम स्वयं भी जन विश्वास के प्रतीक बन जाएंगे। ईमानदार जनप्रतिनिधि किसी भ्रष्टाचार के खिलाफ सीना तान कर लड़ सकता है।
उन्होंने कहा कि गांव के विकास के लिए केंद्र सरकार पर्याप्त मात्रा में धन दे रही है। वह धन सीधे प्रधानों के खाते में आएगा। इसके अलावा 2019 तक हर गांव और हर घर तक बिजली पहुंचाने का लक्ष्य केंद्र सरकार ने रखा है। 2022 तक हर उस व्यक्ति को केंद्र सरकार घर उपलब्ध करा देगी जिसके पास रहने की सुविधा नहीं है। प्रदेश सरकार पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि यह सरकार केवल भ्रष्टाचार फैला रही है। 8 महीने हो गए प्रदेश सरकार गोरखपुर में एम्स के लिए जमीन नहीं उपलब्ध करा पाई।
कार्यक्रम में कृष्ण चंद वर्मा, प्रहलाद सिंह, विपिन सिंह, निरंकार त्रिपाठी, छोटे लाल मौर्य, सुनील सिंह, रामलक्ष्मण, प्रधान बबलू शाही, अरूण सिंह, चंद्रभूषण सिंह, दिलीप यादव, अभिषेक सिंह, अरविंद मौर्य, मदन पाण्डेय, संजय यादव, प्रेमलता गुप्ता, इंद्रासन निषाद, डा. रामललित पासी, हरिश्चंद्र यादव, सहित सैकड़ों प्रधान और बीडीसी सदस्य मौजूद थे।