छात्रा को अगवा करने की कोशिश करने वाले पर पुलिस मेहरबान
खोराबार। आठवीं की छात्रा से पहले छेड़खानी, फिर अपहरण की कोशिश और अब जान से मारने की धमकी देने के आरोपी को बचाने के लिए पुलिस हर पैतरा आजमा रही है। पुलिस की ओर से कार्रवाई न करने का ही असर था कि सोमवार को असलहे के बल पर छात्रा का अपहरण करने की कोशिश की गई। मंगलवार को छात्रा के भाई के मोबाइल फोन पर कॉल करके धमकी भी दी गई। छात्रा के पिता और भाई का आरोप है कि केस दर्ज करने की जगह पुलिस उन पर सुलह के लिए दबाव बना रही है।
इलाके के एक गांव के सपा नेता की गाड़ी का चालक अपने परिवार के सदस्यों के साथ खोराबार क्षेत्र में रहता है। उसकी बेटी एक इंटर कॉलेज में आठवीं की छात्रा है। आरोप है कि कांशीराम आवासीय कॉलोनी में रहकर आर्केस्ट्रा में काम करने वाली महिला का बेटा स्कूल आते-जाते समय अक्सर किशोरी के साथ छेड़खानी करता था। छह माह पूर्व ऑटो से घर जा रही किशोरी को असलहे के बल पर बाइक पर बैठाकर शहर ले जाने भी उसने कोशिश की थी। एक माह पूर्व भी उसने किशोरी को जबरन होटल में ले जाने का प्रयास किया था। किशोरी के शोर मचाने पर फरार हो गया था।
किशोरी ने घर आकर पूरी बात परिजनों को बताई और आरोपी के डर से स्कूल जाना बंद कर दिया। सोमवार दोपहर किशोरी और उसके परिजन घर पर थे। तभी आरोपी युवक अपने कुछ साथियों के साथ वहां पहुंचा और असलहे के बल पर किशोरी का हाथ पकड़कर बाइक पर बैठाने का प्रयास करने लगा। मां ने शोर मचाया तो किशोरी का भाई और गांव वाले जुट गए। उसके बाद युवक अपने साथियों संग असलहा लहराते हुए फरार हो गया।
इस मामले में पुलिस का कहना था कि किशोरी के परिवार के सदस्यों ने तहरीर नहीं दी है। दूसरी ओर किशोरी के भाई और पिता ने बताया कि वे मंगलवार को थाने गए। पुलिस को बताया कि आरोपी युवक धमकी भी दे रहा है। उन्होंने सोमवार को ही थाने में तहरीर दी है। दोनों ने आरोप लगाया कि पुलिस आरोपियों से मिलकर सुलह के लिए दबाव बना रही है। दूसरी ओर इंस्पेक्टर ने कहा कि किशोरी और युवक एक दूसरे से प्रेम करते हैं।
इस बारे में प्रभारी सीओ योगेंद्र कृष्ण ने कहा कि पीड़ित नाबालिग है तो उसके साथ शादी या कहीं ले जाने का दबाव नहीं बनाया जा सकता। नाबालिग के मामले में जो भी उसके अभिभावक कहेंगे, वह ही मान्य होगा। परिजनों की तहरीर के आधार पर आरोपी युवक के खिलाफ केस दर्ज कराया जाएगा। - योगेंद्र कृष्ण,