कुशीनगर शराब से मौतों के मामले में प्रशासन ने एक और अधिकारी पर कार्रवाई की है। अब सीओ तमकुहीराज आरके तिवारी को पद से हटा दिया गया है। उन्हें सीओ लाइन और कार्यालय की जिम्मेदारी दी गई। जबकि सदर सीओ नीतेश प्रताप सिंह को तमकुहीराज बनाया गया। ये खड्डा के सीओ सदर का अतिरिक्त प्रभार भी देखेगे।
इससे पहले आईजी ने तरयासुजना थाने और चौकियों पर एक महीने से पूर्व की तैनानी वाले आठ दरोगा समेत 47 पुलिस कर्मियों को लाइन हाजिर कर दिया था। आईजी ने एक माह से पूर्व तैनात सभी पुलिस कर्मियों को तत्काल लाईन हाजिर किए जाने का एसपी को निर्देश दिया।
इस कार्रवाई में थाने के अलावा अहिरौलीदान, बहादुरपुर, डिबनी बंजरवा एवं तीनफेडियां चौकियों पर तैनात 47 पुलिसकर्मी कार्रवाई की जद में आए है। एसपी राजीव नारायन मिश्र ने बताया कि आठ एसआई, 17 हेड कांस्टेबल, 21 सिपाही और थाने का ड्राईवर लाइन हाजिर कर दिया गया।
नई तैनाती वाले बहादुर और तमकुहीराज चौकी प्रभारियों के अलावा 20 नए कांस्टेबेल, दो महिला आरक्षी और थाने का पैरोकार सिर्फ बचा है। शेष नए पुलिस कर्मियों की जल्द ही तैनाती कर दी जाएगी।
अवैध शराब के कारोबार में लिप्त लोगों को सीएम योगी की चेतावनी
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ
- फोटो : amar ujala
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्य नाथ ने अवैध शराब के कारोबार में लिप्त लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी है चाहे वह किसी भी राजनीतिक दल से क्यों ना संबद्ध हों।
योगी ने यहां शनिवार की रात को कहा कि आजमगढ़, हरदोई, बाराबंकी और कानपुर जैसे जिलों में पूर्व में जहरीली शराब से हुई मौतों की घटनाओं में सपा से जुड़े नेताओं को शामिल पाया गया था। अगर इस बार भी ऐसी कोई साजिश पाई गई तो दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
योगी ने यहां संवाददाताओं से कहा कि पूर्व की घटनाओं के मद्देनजर इस बार भी हम किसी साजिश से इंकार नहीं कर सकते। योगी ने कहा कि उन्होंने उत्तराखंड के मुख्यमंत्री से बात की है और जहरीली शराब प्रकरण में ब्यौरा साझा करने को कहा है। उन्होंने कहा ‘‘उत्तराखंड में जहरीली शराब का एक रैकेट काम कर रहा है इसीलिए मैंने वहां के मुख्यमंत्री से बात की है।’’
उन्होंने कहा कि पड़ोस के कुशीनगर जिले में आबकारी अधिकारी, आबकारी इंस्पेक्टर, थाना प्रभारी और बीट कांस्टेबलों के खिलाफ कार्रवाई की गई है और अधिकारियों की जिम्मेदारी तय की गई है।कुशीनगर में जहरीली शराब से 9 लोगों की मौत हो गई जबकि सहारनपुर में लगभग 74 लोगों ने जहरीली शराब पीने के बाद जान गंवाई।