गोरखपुर। अब एंटी रैबीज इंजेक्शन के लिए परेशान नहीं होना पड़ेगा। इसके लिए समय की बाध्यता खत्म कर दी गई है। पहले सुबह आठ से दस बजे के बीच आने वालों को ही इंजेक्शन लगाए जाते थे, पर अब एसआईसी ने इस व्यवस्था में बदलाव किया है। ओपीडी समय यानी सुबह आठ से दोपहर दो बजे तक, शनिवार को दोपहर 12 बजे तक एंटी रैबीज इंजेक्शन लगाया जाएगा।
अस्पताल में एंटी रैबीज इंजेक्शन को लेकर कई दिक्कतें थी। कुत्ते के काटने पर आने वाले लोगों को दस दिन कुत्ते की निगरानी करने की सलाह देकर लौटा दिया जाता था और उसके बाद ही इंजेक्शन लगाए जाते थे। साथ ही सुबह दस बजे के बाद आने वालों को अगले दिन बुलाया जाता था। इन दिक्कतों के कारण कई मरीज अस्पताल से बाहर इंजेक्शन लगवा लेते थे या फिर कई बार अस्पताल के चक्कर लगाने पड़ते थे। एसआईसी डॉ. एचआर यादव ने पहले कुत्ते की दस दिन की निगरानी की बाध्यता को खत्म किया। उसके बाद उन्होंने एंटी रैबीज इंजेक्शन लगवाने के लिए समय सुबह आठ से दस बजे के बीच आने की पाबंदी को भी खत्म कर दिया है। जब तक ओपीडी चलेगी, उस समय तक एंटी रैबीज इंजेक्शन लगाए जाएंगे। उन्होंने बताया कि इस संबंध में डॉक्टरों और फार्मासिस्ट को निर्देश दे दिया गया है कि अस्पताल में एंटी रैबीज इंजेक्शन लगवाने के लिए आने वाले लोगों को लौटाया न जाए।