खेसरहा (सिद्धार्थनगर)। थाना क्षेत्र के कुडजा गांव में अवैध संबंध के संदेह में पति द्वारा पत्नी के 50 से अधिक टुकड़े कर नदी में फेंकने का मामला सामने आया है। हत्या को अंजाम देने के बाद पति थाने पहुंचा और पत्नी के लापता होने की सूचना दी। संदेह होने पर पुलिस ने जब सख्ती की तो वह टूट गया और हत्या की बात स्वीकार कर ली। पुलिस गोताखोरों की मदद से शव के टुकड़ों की तलाश कर रही है।
दूधनाथ अपनी पत्नी सुमित्रा से कई सालों से अलग रहता था। छोटा बेटा सुनील (18) उसके साथ रहता था, जबकि बड़ा बेटा अनिल (22) और बेटी संजना (8) मां के साथ रहते थे। एक माह पहले पति-पत्नी में समझौता हुआ और वे साथ रहने लगे। सूत्रों के अनुसार दूधनाथ ने नौ जून की रात को सुमित्रा को गांव के पश्चिम स्थित बाग में बुलाया और फावड़े से हमला कर उसकी हत्या कर दी। इसके बाद उसने शव के पांच टुकड़े किए और बोरे में भरकर गांव के पास से गुजरने वाली राप्ती नदी के किनारे ले गया। वहां उसने शव के 50 से अधिक टुकड़े किए और एक-एक कर नदी में फेंक दिया। 10 जून को वह ससुराल पहुंचा और पत्नी के लापता होने की सूचना दी। यहां से वह ससुरालियों के साथ थाने पहुंचा और पुलिस को झूठी कहानी सुनाई।
छानबीन के बाद पुलिस को मामला संदिग्ध लगा। इस पर पुलिस ने मंगलवार की शाम दूधनाथ को हिरासत में ले लिया। पुलिस ने जब सख्ती से पूछताछ की तो दूधनाथ ने हत्या और शव के टुकड़े कर नदी में फेंकने की बात स्वीकार कर ली। बुधवार सुबह पुलिस गोताखोर व पुलिस कर्मियों की मदद से शव के टुकड़ों की तलाश में जुट गई, लेकिन शाम तक एक भी टुकड़ा नहीं मिल सका। एसओ रणधीर कुमार मिश्र ने बताया कि हत्या का केस दर्ज कर दूधनाथ को गिरफ्तार कर लिया गया है।