मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि गुजरात में भाजपा के विजय रथ को कोई रोक नहीं पाएगा और पार्टी वहां पर पूर्ण बहुमत की सरकार बनाएगी। उन्होंने कहा कि जिन नेताओं के सहारे कांग्रेस के लोग भाजपा से मोर्चा लेने की बात कह रहे थे, वे सभी हासिए पर आ गए हैं। कांग्रेस के ऐसे लोग केवल मीडिया की खबर का हिस्सा भर रह गए हैं।
पत्रकारों से बातचीत के दौरान सीएम ने कहा कि अब तक वह गुजरात में 30 सभाएं कर चुके हैं। सोमवार को फिर वहां जा रहे हैं। उनकी हर सभा में भीड़ जुटी थी। जो उत्साह मतदाताओं में देखने को मिल रहा है, उससे कह सकते हैं कि भाजपा एक बार फिर बड़े अंतर से जीतकर सरकार बनाएगी। उन्होंने कहा कि जिस पोरबंदर को लोग गांधी जी के कारण जानते हैं, उसका एक अलग इतिहास रहा है। जब तक कांग्रेस की सरकार रही, वहां पर माफिया राज था। एक माफिया पर गॉड मदर फिल्म बनी थी। समुद्र के किनारे होने के कारण माफिया के पाकिस्तान से कनेक्शन थे। वहां यह स्थिति थी कि अपराधी जेल से निकलकर अपराध करके फिर जेल में वापस चले जाते थे। मोदी की सरकार आने के बाद एक बार पूरी जेल शिफ्ट करनी पड़ी थी। आज वहां पर शांति है।
सीएम ने कहा कि उस दौर को लोग भूले नहीं हैं। जिसने देखा है, वह नहीं चाहता कि फिर वहां कांग्रेस की सरकार आए और लोगों को वही अराजकता झेलनी पड़े। आज का गुजरात हर तरह से समृद्ध हुआ है। इस नाते वहां के लोग कह रहे हैं कि भाजपा की सरकार बनने से कोई रोक नहीं पाएगा।