गोरखपुर। राजस्व वसूली के मामले में होने वाली कार्रवाई में सीनियर सिटीजन को बड़ी राहत मिली है। शनिवार को राजस्व वसूली की समीक्षा के दौरान डीएम ने सभी एसडीएम और तहसीलदार को निर्देश दिया कि अगर किसी सीनियर सिटीजन पर राजस्व बकाया है तो उनकी गिरफ्तारी न की जाए। उन्होंने कहा कि ऐसे मामलों में सख्ती की जाए, मगर यह ध्यान रखा जाए कि कोई बुजुर्ग परेशान न हो।
पिछले साल अक्टूबर महीने की तुलना में इस बार चार करोड़ क ी अधिक राजस्व वसूली पर डीएम ने संतोष व्यक्त किया। समीक्षा के दौरान सिर्फ सहजनवां तहसील की प्रगति खराब मिली। उन्होंने सहजनवां के एसडीएम को नवंबर का लक्ष्य शत प्रतिशत पूरा करने को कहा। इसी तरह से उन्होंने सभी तहसीलों में सबसे कम वसूली करने वाले अमीनों की सूची तैयार कर उनके खिलाफ कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
उन्होंने जिले के 10 बड़े बकायेदारों की भी एक-एक कर समीक्षा की और समय ने बकाया न जमा करने वालों के खिलाफ विधिक कार्रवाई करने को कहा। बैठक में एडीएम (फाइनेंस) डॉ. चंद्रभूषण, एडीएम (प्रशासन) प्रभुनाथ, एडीएम (सिटी) रजनीश चंद्र सहित सभी एसडीएम, तहसीलदार, नायब तहसीलदार समेत कई अफसर मौजूद रहे।
आईजीआरएस पर सख्ती
समीक्षा के दौरान डीएम ने बताया कि समन्वित शिकायत निवारण प्रणाली (आईजीआरएस) में जिला प्रदेश में 42वें से अब 19वें स्थान पर आ गया है, मगर अब भी समय से शिकायतों के निस्तारण में लापरवाही बरती जा रही है। ऐसे अफसरों पर कार्रवाई की जाएगी।