सांसद, विधायक भी बनाएंगे नए सदस्य
5, 6 और 7 अक्तूबर को चलेगा विशेष अभियान
अमर उजाला ब्यूरो
गोरखपुर। भाजपा के प्रदेश, क्षेत्र, जिलास्तरीय नेता, सांसद और विधायक भी विशेष सदस्यता अभियान का हिस्सा बनेंगे। यह अभियान 5 से 7 अक्तूबर तक चलेगा। हर नेता को रोजाना 50 नए सदस्य बनाने का लक्ष्य दिया गया है। शर्त है कि 20 सदस्य दलित और अति पिछड़ा संवर्ग से होंगे। इस हिसाब से हर सांसद, विधायक को तीन दिन में 150-150 नए सदस्य बनाने हैं।
भाजपा का सदस्य बनाओ अभियान शुक्रवार से शुरू होगा। गोरखपुर क्षेत्र के अभियान प्रभारी दुर्गा प्रसाद राय ने बताया कि 10 जिलों के हर बूथ पर सदस्य बनाए जाने हैं। पार्टी का लक्ष्य ज्यादा से ज्यादा लोगों को जोड़ना है। इसी सिलसिले में भाजयुमो के क्षेत्रीय अध्यक्ष रणजीत राय बड़े ने बृहस्पतिवार को जिला पंचायत हाल में बैठक बुलाई है। इसमें प्रदेश महामंत्री देवेंद्र पटेल और प्रदेश उपाध्यक्ष मिथिलेश त्रिपाठी भी हिस्सा लेंगे। क्षेत्रीय अध्यक्ष ने बताया कि 10 जिलों के 62 विधानसभा क्षेत्रों में युवाओं को पार्टी से जोड़ने का काम होगा।