पीपीगंज नगर पंचायत के (वार्ड 4) आजाद नगर स्थित पूर्व माध्यमिक विद्यालय के रसोई घर में मंगलवार को गैस सिलिंडर में आग लग गई। हादसा दोपहर के वक्त मिड-डे मील बनाते वक्त हुआ। मौके पर पहुंची पुलिस और आशीष गैस एजेंसी के कर्मचारियों की तत्परता से आग को बुझा लिया गया। रसोइया तीजा देवी (35) झुलस गई, जिसे जंगल कौड़िया प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया।
स्कूल में दोपहर का भोजन तैयार किया जा रहा था। उसी बीच रसोई गैस सिलिंडर की पाइप में लीकेज से आग लग गई। रसोइयां तीजा देवी ने आग को बुझाने की कोशिश की। इससे वह आग की चपेट में आकर झुलस र्गइं। आग को बढ़ता देख स्कूल की प्रधानाध्यापक ने फौरन पुलिस और अग्निशमन विभाग को सूचना दी। सभी शिक्षकों और बच्चों को सुरक्षित स्थान पर ले जाया गया। पुलिस ने मदद के लिए पास में ही आशीष गैस एजेंसी से संपर्क साधकर उनके कर्मचारियों को बुला लिया। गनीमत रहा कि सिलिंडर नहीं फटा। करीब एक घंटे में आग को बुझा लिया गया।
रिफिल नहीं था अग्निशमन यंत्र
पूर्व माध्यमिक एवं प्राथमिक विद्यालय एक ही कैंपस में हैं। दोनों विद्यालयों में करीब 250 विद्यार्थी हैं। स्कूल में अग्निशमन यंत्र तो लगे हैं, पर उसे रिफिल नहीं कराया गया है। अग्निशमन यंत्र खराब पड़े थे। इसके चलते आग को तत्काल नहीं बुझाया जा सका और लोग काफी देर तक दहशत में थे।
सभी स्कूलों में अग्निशमन यंत्र लगाने के निर्देश हैं। इसके लिए बजट भी दिया गया था। स्कूल में अग्निशमन यंत्र रिफिल नहीं कराने की जांच कराएंगे। सभी स्कूलों में चेकिंग कराकर अग्निशमन यंत्र लगाने की व्यवस्था सुनिश्चित कराई जाएगी।
- रामसागर पति त्रिपाठी, बीएसए