लापरवाहीपर पर सात लेखपालों से जवाब तलब
रोस्टर के दिन गैरहाजिर रहे चार लेखपाल, तीन ने बरती लापरवाही
अमर उजाला ब्यूरो
महराजगंज। उपजिलाधिकारी सदर सत्यम मिश्रा ने 1426-1431 फसली खतौनी तैयार करने में लापरवाही बरतने वाले सात लेखपालों को नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण तलब किया है। उन्होंने तीन दिन के अंदर नोटिस का जवाब देने को कहा है। साथ ही चेतावनी दी कि संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।
एसडीएम ने बताया कि जिन सात लेखपालों से स्पष्टीकरण तलब किया गया है, उनमें सुभाष चंद द्विवेदी, कुमारी गंगा जायसवाल, नीरज बर्नवाल, ध्रुव नारायण तिवारी, विकास गुप्ता, रंजन श्रीवास्तव, तथा सुशील कुमार शुक्ला शामिल हैं। जिसमें से सुभाष, कुमारी गंगा तथा नीरज पर दायित्वों के प्रति लापरवाही बरतने का आरोप है। उन्होंने बताया कि राजस्व परिषद के निर्देश पर खतौनी तैयार करने के लिए रोस्टर बनाया गया है। मगर चार लेखपाल अपने निर्धारित रोस्टर के दिन गैरहाजिर रहे। जिससे खतौनी पुनरीक्षण का काम प्रभावित हुआ। इन लेखपालों में ध्रुव नारायण तिवारी निर्धारित तिथि 7 व 14 अगस्त को गैरहाजिर रहे। इसी प्रकार लेखपाल विकास गुप्ता अपने निर्धारित तिथि 9 अगस्त को, लेखपाल रंजन निर्धारित तिथि 15 अगस्त तथा सुशील कुमार निर्धारित तिथि 10 अगस्त को गैरहाजिर रहे। इन सभी लेखपालों को नोटिस जारी कर जवाब तलब किया गया है।