बाढ़ पूर्व तैयारी के लिए सैनिकों ने अफसरों संग बैठक की
अमर उजाला ब्यूरो
महराजगंज। बाढ़ पूर्व तैयारी के लिए जिला प्रशासन एवं फैजाबाद आर्मी के जवानों ने सोमवार को समन्वय बैठक की। बैठक के दौरान जवानों ने प्रशासन के अधिकारियों से जिले में बाढ़ से बचाव व राहत की तैयारी के बारे में जानकारी का आदान-प्रदान किया।
फैजाबाद आर्मी यूनिट के लेफ्टिनेंट कमांडेंट अभिषेक गुप्ता, नायब सूबेदार संजू, नायब सूबेदार बी. हमल, दलजीत मौर्य, श्याम बुनिया ने बैठक में जिले में बाढ़ की वर्तमान स्थिति के साथ ही बाढ़ बचाव की तैयारी के बारे में प्रशासन के अधिकारियों से जानकारी ली। जवानों ने पिछले साल आई बाढ़ से होने वाली तबाही व प्रभावित गांवों के बारे में भी जानकारी ली। बैठक में अपर जिलाधिकारी बृजभूषण वर्मा ने बताया कि पिछले साल बाढ़ की विभीषिका से 109 ग्राम पंचायतों की 1,45,419 की आबादी प्रभावित हुई थी। इसी क्रम में इन साल बाढ़ से निपटने के लिए 28 बाढ़ चौकियां, 20 राहत केंद्र व इतनी ही संख्या में राहत शिविर तथा 18 पशु शरणालय बनाए गए हैं। सभी चारो तहसीलों में कंट्रोल रूम खोले गए हैं। बैठक में आपदा सहायक वेद प्रकाश मिश्रा व आपदा विशेषज्ञ पवन कुमार शुक्ला आदि मौजूद रहे।