सभी स्वास्थ्य केंद्रों पर लगेगा पोषण मेला
अमर उजाला ब्यूरो
महराजगंज। जिले के सभी स्वास्थ्य केंद्रों, जिला अस्पताल एवं एएनएम सब सेंटरों पर 25 अगस्त को पोषण मेला का आयोजन किया जाएगा। यह जानकारी जिला कार्यक्रम अधिकारी ब्रजेंद्र कुमार जायसवाल ने दी।
उन्होंने बताया कि बाल विकास सेवा एवं पुष्टाहार निदेशालय के निर्देश पर जिले के सभी स्वास्थ्य केंद्रों पर पोषण मेला का आयोजन किया जाएगा। उन्होंने बताया कि मातहतों को स्वास्थ्य मेले की तैयारी के लिए सीएमओ, सीएमएस से मुलाकात कर दवा व उसके रखरखाव के बारे में जानकारी लेकर तैयारी पूरी करने को कहा गया है। मेले के लिए नुक्कड़ नाटक की टीम द्वारा लोगों को जागरूक किया जाएगा। बाल विकास परियोजना अधिकारी, मुख्य सेविकाओं के साथ बैठक कर इसकी तैयारी के लिए रणनीति बनाएंगी। स्वास्थ्य विभाग द्वारा लगाए जाने वाले स्टाल में परिवार नियोजन, डायरिया एवं वेक्टर जनित बीमारियों के प्रति जागरूकता संदेश के अलावा सभी एएनएम सेंटरों पर महिलाओं की जांच की जाएगी। बाल विकास सेवा एवं पुष्टाहार विभाग की ओर से पुष्टाहार से तैयार विभिन्न व्यंजन, टीकाकरण, किशोरियों के स्वच्छता एवं पोषण से संबंधित आयरन गोली का वितरण किया जाएगा। इसके अलावा अन्य कई कार्यक्रम मेले में आयोजित किए जाएंगे।