गोरखपुर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि अब दुश्मनों से आंख मिलाकर बात करने वाला भारत है। सैनिकों के शौर्य और पराक्रम का नया भारत है। दुनिया ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मजबूत नेतृत्व का लोहा माना है। पुलवामा हमले के बाद देश के जांबाज सैनिकों ने पाकिस्तान को कड़ा सबक सिखाया है। पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर में घुसकर आतंकी ठिकानों को तबाह कर दिया। इस कार्रवाई से भारत की धमक दुनिया में बढ़ी है।
मुख्यमंत्री रविवार की रात गोरखपुर आए। डीवीएन पीजी कॉलेज के संवाद भवन में मीडिया कर्मियों से बात की। कहा कि पुलवामा में सीआरपीएफ के जवानों पर हमले के बाद भारतीय सेना के शौर्य और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की कूटनीतिक विजय को दुनिया ने देखा है। पाकिस्तान के दुस्साहस का जवाब देने वाले विंग कमांडर अभिनंदन वर्तमान की घर वापसी से पूरा देश अभिभूत है। सेना का शौर्य, पराक्रम हमेशा से ऐसा था लेकिन राजनीतिक दृढ़ इच्छाशक्ति नहीं थी। अब नई रीति और नीति वाला भारत है। देशवासियों को प्रधानमंत्री के मजबूत नेतृत्व पर भरोसा है। आगामी लोकसभा चुनाव में और बड़ी जीत मिलेगी। प्रधानमंत्री के निर्णय लेने की क्षमता और स्पष्टवादिता को देशवासी जानते हैं।
जल्द ही दुनिया की तीसरी अर्थव्यवस्था
मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत जल्द ही दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था वाला देश होगा। भारत में निवेश के सबसे ज्यादा अवसर खुले हैं। यह प्रधानमंत्री के चमत्कारिक नेतृत्व की वजह से संभव हो रहा है। 2014 में जब भाजपा की सरकार बनी थी, तब भारत की अर्थव्यवस्था 11वीं थी। अब छठवें स्थान पर है।
‘ देश ने 57 महीनों के अंदर बदलते एवं उभरते भारत को देखा’
गोरखपुर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को आगामी लोकसभा चुनाव का एजेंडा तय किया। थाईलैंड, साउथ कोरिया से और अन्य स्थानों पर रहने वाले प्रवासी भारतीयों से मन की बात की। साथ ही मोदी सरकार की उपलब्धियां गिनाईं और मजबूत सरकार के फायदे बताए। मुख्यमंत्री ने कहा कि यदि कमजोर सरकार होती तो पाकिस्तान को करारा जवाब नहीं मिल पाता। देश ने 57 महीनों के अंदर बदलते एवं उभरते भारत को देखा और महसूस किया है।
डीवीएन पीजी कॉलेज के संवाद भवन में रविवार की देर शाम भारत के मन की बात नरेंद्र मोदी के साथ कार्यक्रम के तहत मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रवासी भारतीयों के मन की बात की। दो दिवसीय दौरे (4, 5 मार्च) पर आए मुख्यमंत्री ने कहा कि इस कार्यक्रम में जो सुझाव मिल रहे हैं, उन्हें भाजपा लोक कल्याण संकल्प पत्र में शामिल करेगी। यह संकल्प पत्र देशहित, जनहित को केंद्र में रखकर तैयार किया जाएगा। देशवासियों के मन की बात जानकर लोक कल्याण संकल्प पत्र तैयार करने के लिए भाजपा देश का सबसे बड़ा अभियान चला रही है। इसके तहत भाजपा विभिन्न तबकों से संवाद स्थापित कर रही है।
अप्रवासी भारतीय सम्मेलन की मेजबानी पहली बार यूपी को
पहली बार देश और प्रदेश की राजधानी के बाहर अप्रवासी सम्मेलन का आयोजन वाराणसी में किया गया। इसकी मेजबानी उत्तर प्रदेश सरकार ने की। करीब डेढ़ से दो सौ वर्ष पूर्व मारीशस, हालैंड समेत विभिन्न देशों में भारतीय गिरमिटिया मजदूर बनकर गए। कालांतर में उन्होंने अपनी जीवटता से राष्ट्राध्यक्ष जैसे पदों को सुशोभित किया। उन्होंने बलिया के रसड़ा निवासी प्रवीण जगन्नाथ और आजमगढ़ के सर रामगुलाम का जिक्र किया। कहा कि पूर्वी उत्तर प्रदेश और बिहार के लोगों ने वहां गांवों को बसाया और अपनी संस्कृति को जिंदा रखा। अनपढ़ होने के बाद भी ये लोग अपने साथ रामचरितमानस लेकर गए। इसके अनुसार अपनी धार्मिक संस्कृति का संरक्षण किया।
रोजगार के अवसर और बढ़े
थाईलैंड से आए माधव सिंह, साउथ कोरिया के अरुण कुमार सिंह, पुणे के कन्हैया लाल, सिंगापुर से आए रवि राय, बैंकाक के नीतिश चंद्र आदि ने केंद्र और यूपी सरकार के कामकाज की तारीफ की। साथ ही कहा कि रोजगार के अवसर और बढ़ने चाहिए। संचालन अभय शुक्ल ने किया। इस मौके पर क्षेत्रीय अध्यक्ष डॉ. धर्मेंद्र सिंह, विश्वजितांशु सिंह आशु, जय प्रकाश निषाद, रणजीत राय बड़े, विधायक शीतल पांडेय, प्रबल प्रताप शाही, बृजेश राम त्रिपाठी, आनंद अग्रहरि, रामनगीना शाही, बृजेशमणि मिश्र आदि मौजूद रहे।
बुद्धिजीवियों से चाय पर चर्चा
मुख्यमंत्री ने शहर के बुद्धिजीवियों के साथ चाय पर चर्चा भी की। सेवानिवृत्त सैन्य कर्मी, साहित्यकार, शिखाविद, चिकित्सक और अधिवक्ता के बीच कहा कि विपक्ष के पास कोई मुद्दा नहीं है। इसलिए झूठ की राजनीति पर उतर आए हैं। प्रो. राम अचल सिंह, रवींद्र श्रीवास्तव, जुगानी भाई, ब्रिगेडियर गोविंद मिश्र, लेफ्टिनेंट कर्नल एसपी सिंह ने पाकिस्तान को सबक सिखाने की बात कही। प्रो. उमा श्रीवास्तव, प्रो. मुरली मनोहर पाठक, प्रो. सुधा यादव, प्रो. चंद्रशेखर, प्रो. गोपाल प्रसाद, चिकित्सक डॉ. महेंद्र अग्रवाल, डॉ. अखिलेश सिंह और एम्स की डॉ. रुचिका अग्रवाल, एमपी पीजी कॉलेज के प्राचार्य डॉ. प्रदीप राव, डीवीएन पीजी कॉलेज के प्राचार्य डॉ. शैलेंद्र प्रताप सिंह ने भी संवाद किया। अधिवक्ता हरिप्रकाश मिश्र, माकंडेयमणि त्रिपाठी और कन्हैयालाल निषाद से भी चर्चा हुई। मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा सरकार सबके उम्मीदों पर खरी उतरेगी।