गोरखपुर। गोरखपुर क्षेत्र की पांच लोकसभा सीटों की चुनावी तैयारियों की समीक्षा करने आए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को ‘मेरा बूथ सबसे मजबूत’ का नारा दिया। साथ ही कहा कि बूथ जीते तो मिशन 2019 फतह से कोई रोक नहीं सकेगा। यूपी में महागठबंधन की धार भी कुंद हो जाएगी। नरेंद्र मोदी दोबारा देश के प्रधानमंत्री बनेंगे।
भाजपा की लोकसभा चुनाव संचालन समिति की बैठक बुधवार को गोरखपुर क्लब में हुई। इसमें गोरखपुर सदर, बांसगांव, देवरिया, पडरौना (कुशीनगर) और महाराजगंज लोकसभा सीट की चुनावी तैयारियों की समीक्षा की गई। तीन सांसद और 25 विधायकों की मौजूदगी में प्रदेश महामंत्री संगठन सुनील बंसल ने कहा कि संगठन की रचना, बूथ समिति का गठन, मतदाता सूची में सुधार और सदस्यता अभियान को सफल बनाकर मिशन 2019 की लड़ाई आसान बनाई जा सकती है। सांसद, विधायक भी तैयारी में जुट जाएं। बाद में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जीत का मंत्र दिया और कहा कि आगामी लोकसभा चुनाव में भाजपा विकास के चेहरे के साथ चुनाव मैदान में जाएगी। प्रदेश महामंत्री और क्षेत्र के प्रभारी पंकज सिंह ने कहा कि इस बार गोरखपुर क्षेत्र की 13 लोकसभा सीटें जीतने का लक्ष्य है। संचालन क्षेत्रीय अध्यक्ष डॉ. धर्मेंद्र सिंह, क्षेत्रीय महामंत्री संगठन रत्नाकर और महामंत्री सहजानंद राय ने किया।
भाजपा सरकार किसानों की हितैषी
मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा सरकार ने किसानों के हित में सबसे ज्यादा काम किए हैं। 86 लाख किसानों को कर्ज माफ किया गया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने फसलों का समर्थन मूल्य बढ़ाया। साथ ही किसानों की आमदनी बढ़ाने का काम किया जा रहा है।
52 लाख नहीं बन सके वोटर
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि चुनाव आयोग के हिसाब से यूपी के 52 लाख लोग वोटर नहीं बन सके हैं। अब भाजपा कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी बढ़ गई है। वह घर-घर जाएं और छूटे लोगों को मतदाता बनाने में चुनाव आयोग की मदद करें। जितने वोटर बढ़ेंगे और ज्यादा मतदान होगा, उसका सीधा फायदा भाजपा को मिलेगा।
21 करोड़ परिवार को मिला लाभ
मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ देश के 21 करोड़ परिवार को मिला है। यह बड़ी उपलब्धि है। इस उपलब्धि के साथ कार्यकर्ता जनता के बीच जाएं और समर्थन मांगें। निश्चित सफलता मिलेगी। पीएम आवास, शौचालय, नि:शुल्क बिजली और गैस कनेक्शन जैसी तमाम योजनाएं चल रही हैं। इसका सीधा लाभ शहरी, ग्रामीण क्षेत्र की जनता को मिला है।
सोशल मीडिया को बनाएं हथियार
मुख्यमंत्री ने कहा कि अब सोशल मीडिया का महत्व बढ़ गया है। शहर, ग्रामीण क्षेत्र के युवा सोशल मीडिया से जुड़े हैं। ऐसे में जरूरत केंद्र, यूपी सरकार की नीतियों की प्रचार-प्रसार की भी है।
150 किलोमीटर की पदयात्रा करेंगे नेता : बंसल
प्रदेश महामंत्री संगठन सुनील बंसल ने कहा कि 15 अक्तूबर तक संगठन, मोर्चा और प्रकोष्ठ के गठन का लक्ष्य पूरा करें। दशहरा से दीवाली के बीच 150-150 नेता, कार्यकर्ता की टीम बनेगी। यह टीम 150 किलोमीटर की पदयात्रा करेगी।
विपक्ष विहीन बनाएं बूथ
क्षेत्रीय अध्यक्ष डॉ. धर्मेंद्र सिंह और क्षेत्रीय महामंत्री संगठन रत्नाकर ने कहा कि जीते, हारे ग्राम प्रधान से मिलें। सपा, बसपा और कांग्रेस के नेताओं से बात करें और उन्हें भाजपा की सदस्यता दिलाएं। कार्यकर्ता कोशिश करें कि बूथ पर विपक्ष का वजूद न रहे।
कलराज मिश्र नहीं पहुंचे, चर्चा गर्म
देवरिया से सांसद कलराज मिश्र लोकसभा संचालन समिति की बैठक में नहीं पहुंचे जो चर्चा का विषय रहा। कार्यकर्ताओं ने तरह-तरह कयास भी लगाए और कहा कि इस बैठक में सभी सांसद, विधायकों को अनिवार्य रूप से बुलाया गया था। इसके बावजूद देवरिया के सांसद नहीं पहुंच सके।
मंत्री, सांसद और विधायक भी आए
कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही, मंत्री जयप्रकाश निषाद, सांसद कमलेश पासवान, पंकज चौधरी, राजेश पांडेय, एमएलसी देवेंद्र प्रताप सिंह, एमएलसी दयाशंकर सिंह, विधायक डॉ. आरएमडी अग्रवाल, विपिन सिंह, महेंद्र पाल सिंह, संगीता यादव, प्रदेश उपाध्यक्ष उपेंद्र दत्त शुक्ला, क्षेत्रीय उपाध्यक्ष डॉ. सत्येंद्र सिन्हा, जिलाध्यक्ष जनार्दन तिवारी, महानगर अध्यक्ष राहुल श्रीवास्तव, विश्वजिताशु सिंह आशु, रणजीत राय बड़े, पवन यादव, पूर्व विधायक जयप्रकाश निषाद, पदमा गुप्ता, ओम प्रकाश शर्मा, राजेश गुप्ता, राजीव रंजन अग्रवाल, मीरा श्रीवास्तव, रंजना गुप्ता, प्रांजल, उर्मिला त्रिपाठी, मंजू सिंह मौजूद रहीं।