स्पोर्ट्स कॉलेज में 150 खिलाड़ियों का एक और हॉस्टल
- पांच करोड़ रुपये की पहली किस्त जारी
- जिम फिटनेस सेंटर समेत पूरे कॉलेज का होगा कायाकल्प
अमर उजाला ब्यूरो
गोरखपुर। वीर बहादुर सिंह स्पोर्ट्स कॉलेज में नए हॉस्टल के लिए पांच करोड़ की पहली किस्त जारी हो गई है। इसका प्रस्ताव शासन स्तर पर काफी दिनों से लटका था। 6.5 करोड़ की लागत से बनने वाले इस दो मंजिला हॉस्टल में 150 खिलाड़ी रहेंगे। पूरा हॉस्टल वातानुकूलित होगा। वहीं आरओ के पानी सप्लाई भी हर ब्लॉक में होगी।
स्पोर्ट्स कॉलेज में फिलहाल 20 कमरों के दो हॉस्टल मौजूद हैं। जो खिलाड़ियों की संख्या के हिसाब से पर्याप्त नहीं हैं। काफी समय से कॉलेज में नए हॉस्टल के निर्माण की मांग की जा रही थी। योगी सरकार ने इसका संज्ञान ले धन जारी किया है। अगस्त के पहले सप्ताह से काम शुरू होने की उम्मीद है। स्पोर्ट्स कॉलेज के सुंदरीकरण के लिए शासन ने पूर्व में ही 15 करोड़ रुपये के बजट को मंजूरी दी है।
अत्याधुनिक जिम सेंटर भी बनेगा
कॉलेज में 60 लाख रुपये से जिम फिटनेस सेंटर का निर्माण होगा। इसमें अत्याधुनिक मशीनें लगाई जाएंगी, साथ ही ट्रेनर भी तैनात किए जाएंगे। जिम में लगी विशेष मशीनें खिलाड़ियों की कार्यक्षमता बढ़ाने में मदद करेंगी। साथ ही कॉलेज ग्राउंड में मिट्टी का भराव होगा। पूरे परिसर में 97 लाख रुपये से आरसीसी रोड का निर्माण होगा।
वर्जन
स्पोर्ट्स कॉलेज में 150 खिलाड़ियों की क्षमता वाले नए हॉस्टल के लिए बजट शासन से स्वीकृत हो गया है। पांच करोड़ की पहली किस्त भी जारी हो गई है, अगस्त के पहले हफ्ते तक काम शुरू होने की उम्मीद है।
- एके पांडेय, प्रभारी प्राचार्य, स्पोर्ट्स कॉलेज