गोरखपुर।
पूर्वांचल के नौनिहालों के लिए काल बनी इंसेफेलाइटिस का कहर थम नहीं रहा। बीते 24 घंटे के दौरान बीआरडी मेडिकल कॉलेज के इंसेफेलाइटिस वार्ड में तीन मरीजों की मौत हो गई। वहीं, इस बीच 18 नए मरीज भर्ती हुए।
बीमारी से दम तोड़ने वालों में गोरखपुर के शाहपुर निवासी कृष्णा (6), कुशीनगर के तुर्कपट्टी निवासी सन्नी (9) और महराजगंज के सोनौली निवासी रामशंकर (35) शामिल हैं। इसके साथ ही बीआरडी मेडिकल कॉलेज में जनवरी से अब तक इंसेफेलाइटिस से दम तोड़ने वाले मरीजों की संख्या बढ़कर 214 हो चुकी है। बीते 24 घंटे के दौरान नए भर्ती मरीजों में गोरखपुर के छह, देवरिया के दो, कुशीनगर के छह, बिहार, सिद्धार्थनगर, महारजगंज और संतकबीरनगर के एक-एक मरीज शामिल हैं। इसके साथ ही इस साल अब तक बीआरडी में भर्ती इंसेफेलाइटिस मरीजों की संख्या 997 पहुंच चुकी है। इस समय मेडिकल कॉलेज के इंसेफेलाइटिस वार्ड में 129 मरीजों का इलाज चल रहा है।