गोरखपुर। छात्रसंघ चुनाव को लेकर हुए बवाल और हॉस्टल में पुलिस की ओर से की गई बर्बरतापूर्ण कार्रवाई से छात्रों में अब भी आक्रोश है। सोमवार को हॉस्टल का जायजा लेने पहुंचे चीफ प्रॉक्टर प्रो. गोपाल प्रसाद को उनके तीखे सवालों का सामना करना पड़ा। छात्रों के तेवर देख उन्हें आधे घंटे बाद ही उल्टे पांव लौटना पड़ा।
शाम पांच बजे जैसे ही चीफ प्रॉक्टर नाथ चंद्रावत हॉस्टल पहुंचे, छात्रों ने उन्हें घेर लिया। छात्र शिखर, अनुराग, राहुल ने पूछा, ‘सर आप के सामने ही पुलिस ने कमरों से निकालकर हमें पीटा, मगर आप ने कुछ नहीं किया। क्या हम आपके बच्चे जैसे नहीं हैं।’ इस पर चीफ प्रॉक्टर ने दो टूक पुलिस की ओर से की गई लाठीचार्ज की बात कही तो छात्रों ने वार्डेन तक को न बुलाने पर उन्हें घेर लिया। संतोषजनक जवाब न मिलने पर मामला और गर्म हो गया। इस दौरान कुछ छात्रों ने लाठीचार्ज से हुए नुकसान का मुद्दा उठाया। करन गौड़ ने कमरे में रखा सामान तितर-बितर करने का आरोप लगाया। प्रॉक्टर ने छात्रों को समझाने की कोशिश की, मगर छात्र कुछ भी सुनने को राजी नहीं हुए। इसपर प्रॉक्टर को बैरंग लौटना पड़ा।