गोरखपुर एम्स के प्रभारी बने डॉ. संजीव मिश्र
- फरवरी से ओपीडी और अगस्त से एमबीबीएस की 50 सीटों पर पढ़ाई के लिए निर्माण कार्य तेज
- एम्स जोधपुर के निदेशक हैं डॉ. संजीव
अमर उजाला ब्यूरो
गोरखपुर। गोरखपुर के निर्माणाधीन एम्स का प्रभारी एम्स जोधपुर के निदेशक डॉ. संजीव मिश्र को बनाया गया गया है। फरवरी से ओपीडी चलाने की योजना है। अगस्त 2019 तक एमबीबीएस की 50 सीटों पर दाखिले के साथ पढ़ाई कराने पर काम चल रहा है। निदेशक का पद भी सृजित किया जा चुका है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ एम्स की ओपीडी फरवरी तक शुरू करने की बात कह चुके हैं। निर्माण कार्य की मॉनिटरिंग के लिए अब केंद्र सरकार ने प्रभारी की तैनाती की है। इसकी पुष्टि करते हुए बीआरडी मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. गणेश कुमार ने बताया कि जोधपुर के डायरेक्टर डॉ. संजीव मिश्र को गोरखपुर एम्स का प्रभारी बनाया गया है। वह स्थानीय अफसरों से संपर्क साधकर लगातार निर्माण कार्य पर नजर बनाए हुए हैं। केंद्र और प्रदेश सरकार की सख्ती के बाद एम्स निर्माण में बाधा बने नाला निर्माण और बिजली की लाइन शिफ्ट करने का काम पूरा कर लिया गया है।