कैंपियरगंज (गोरखपुर)/सतंकबीरनगर। आकाशीय बिजली गिरने से मंगलवार को गोरखपुर, संतकबीरनगर और महराजगंज में पांच लोगों की मौत हो गई। गोरखपुर जिले में तीन किलोमीटर के दायरे में अलग-अलग गांवों में बिजली गिरने से दो महिलाओं समेत तीन लोगों की जान चली गई। एक-एक मौत संतकबीरनगर और महराजगंज में हुई।
जानकारी के मुताबिक बिजली की चपेट में आने से गोरखपुर, कैंपियरगंज क्षेत्र की शारदा देवी (50), राजाराम (55), आरती (55), संतकबीर नगर की एक बालिका किशन (08) और महराजगंज जिले के राहुल (21) की मौत हो गई। घटनाक्रम के बारे में पता चला है कि चंदीपुर भौराबारी निवासी शारदा देवी, पति रामरक्षा के साथ शाम पांच बजे गांव में ही खेत में मूंगफली बो रहीं थी, इसी बीच अचानक तेज गरज के साथ शुरू हुई बारिश के दौरान बिजली गिरी, जिसकी चपेट में दोनों आ गए। शारदा की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि रामरक्षा झुलस गए। इसी प्रकार मोहम्मदपुर उर्फ हगना गांव के राजाराम, गांव में भैंस चराते वक्त तेज धूप से परेशान होकर जामुन के पेड़ के नीचे बैठे गए, तभी बारिश के बीच बिजली गिरने से उनकी मौत हो गई।
गोपालगंज हरनामपुर गांव में आरती पत्नी विश्वंभर खेत में मूंगफली बोने गईं थीं। इसी बीच बारिश शुरू हुई और बिजली गिरने से उसकी चपेट में आ गईं, जिससे मौके पर ही उनकी भी मौत हो गई। वहीं, संतकबीनगर के दुधारा के ग्राम गुजुरा सुहावा में आम बीनने बाग गई बालिका किशन की बारिश के दौरान गिरी बिजली की चपेट में आने से मौत हो गई। इसी तरह महराजगंज के नौतनवां के बैरिया बाजार में मंगलवार की शाम बिजली गिरने से राहुल की मौत हो गई। जिस समय हादसा हुआ, वह डंडा नदी की तरफ गया था।