सीएम योगी ने फीता काटकर शुभारंभ किया।
- फोटो : amar ujala
गोरखपुर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि यूपी के सभी जिला अस्पतालों में डायलिसिस की सुविधा नि:शुल्क उपलब्ध कराई जाएगी। इस दिशा में तेजी से काम चल रहा है। गोरखपुर जिला अस्पताल में 10 बेड का डायलिसिस केंद्र खोला गया है, जहां एक दिन में 30 मरीजों की नि:शुल्क डायलिसिस की जा सकेगी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बृहस्पतिवार को जिला अस्पताल में डायलिसिस केंद्र का उद्घाटन किया। इस मौके पर उन्होंने कहा कि किडनी रोगियों की संख्या बढ़ी है। ऐसे में निशुल्क डायलिसिस केंद्र की जरूरत महसूस की गई। केंद्र सरकार के सहयोग से गोरखपुर में सुविधा शुरू हो गई है।
इसका लाभ किडनी रोगियों को मिलेगा। उन्हें डायलिसिस पर ज्यादा पैसा नहीं खर्च करना पड़ेगा। जांच के लिए लंबी लाइन नहीं लगानी होगी। पंजीकरण की व्यवस्था ऑनलाइन रहेगी। प्रमुख चिकित्साधीक्षक की कमेटी डायलिसिस के लिए रोगियों का नाम तय करेगी। जल्द ही यूपी के सभी जिला अस्पतालों में डायलिसिस केंद्र होगा। इसे पब्लिक प्राइवेट पार्टनरशिप (पीपीपी) मोड पर विकसित किया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने आयुष्मान योजना को अभिनव बताया और कहा कि पहली बार देश के 50 करोड़ लोगों का पांच-पांच लाख रुपये का बीमा किया गया है। इसके जरिए गरीब अच्छे अस्पतालों में नि:शुल्क इलाज करा सकेंगे। यह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की स्पष्ट सोच और दूरदर्शिता को दर्शाता है। बताता है कि प्रधानमंत्री गरीब, वंचितों के प्रति संवेदनशील हैं। उनके हित में फैसला लेते हैं।
दीपावली की शुभकामना दी
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बृहस्पतिवार को प्रदेशवासियों को दीपावली की अग्रिम शुभकामना दी और कहा कि दीपोत्सव खुशियों, ज्ञान के प्रकाश का त्योहार है। प्रदेश का हर व्यक्ति खुशहाल हो, इसकी शुभकामना देता हूं।