संतकबीरनगर। ननिहाल गई किशोरी को उसकी मां की तबीयत बिगड़ने के बहाने युवक अपनी मौसी के घर ले गया और उसके साथ दुष्कर्म किया। बाद में किशोरी को रास्ते में छोड़ कर युवक भाग गया। घर पहुंचकर किशोरी ने परिजनों को आपबीती बताई। गुस्साए घर वालों ने युवक को पकड़ कर पीटा और डायल 100 को बुलाकर उसे सौंप दिया। कोतवाली पुलिस ने युवक के खिलाफ दुष्कर्म और पोक्सो एक्ट का केस दर्ज किया है।
कोतवाली क्षेत्र की 15 वर्षीय किशोरी का आरोप है कि वह अपने ननिहाल गई थी। शनिवार की शाम को गांव का युवक ननिहाल पहुंच गया ओर मां की तबीयत खराब होने के बहाने उसे साथ लेकर चल दिया। युवक उसे अपनी मौसी के घर ले गया जोर-जबर्दस्ती की। बाद में उसे रास्ते में ले जाकर छोड़ दिया। किशोरी किसी तरह रोती- बिलखती घर पहुंची और परिजनों को आपबीती बताई। घटना से किशोरी के परिजन नाराज हो गए और रविवार को आरोपी युवक को पकड़ कर उसकी पिटाई की। कोतवाल वीरेंद्र बहादुर सिंह ने बताया कि किशोरी की तहरीर के आधार पर आरोपी युवक के खिलाफ दुष्कर्म और पोक्सो एक्ट के तहत केस दर्ज कर लिया गया है। किशोरी को मेडिकल परीक्षण के लिए भेजा गया। जबकि आरोपी पुलिस की हिरासत में है। विवेचना से जो तथ्य सामने आएगा,उसी के अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।