बढ़नी(सिद्धार्थनगर)। प्रतिमा विसर्जन के लिए घर से निकले युवक का शव कस्बे के वार्ड नंबर एक नेपाल सीमा के पास अरहर के खेत में मिला है। गर्दन पर धारदार हथियार से गहरे घाव समेत चेहरे व शरीर के कई अन्य हिस्सों पर भी गंभीर चोट के निशान मिले हैं। हत्या के बाद शव को अरहर के पौधों से ढक दिया गया था। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। नगर के वार्ड नंबर नौ रामजानकी मंदिर क्षेत्र निवासी रवि (25) सब्जी व्यापारी शनिवार रात को घर से दुर्गा प्रतिमा विसर्जन जुलूस में शामिल होने की बात कहकर निकले थे। सुबह तक वह घर नहीं पहुंचे तो परिजनों ने तलाश शुरू की। इस बीच रविवार शाम करीब 4 बजे नगर के वार्ड नंबर एक अंबेडकरनगर में पिक्चर हाल के पास नेपाल सीमा से सटे अरहर के खेत में लोगों ने शव देखा। इसे अरहर के पौधों से ढक दिया गया था। आसपास के लोगों ने शव की शिनाख्त सब्जी व्यापारी रवि के रूप में की। मृतक का गला किसी धारदार हथियार से आधा काटा गया था। उसके दाहिने हाथ, पेट व गुप्तांग को भी बुरी तरह कुचला गया था। जिस स्थान पर लाश पड़ी थी, उसके आस-पास की फसल भी बिखर गई थी। आशंका जताई जा रही है कि अच्छी कद काठी वाले रवि की हत्या से पहले उससे जमकर हाथापाई भी हुई है। सूचना पाकर मृतक के घर वाले भी पहुंच गए। पुलिस को उन्होंने रवि के साथ अंतिम बार देखे गए एक शख्स का नाम बताते हुए हत्या की आशंका जताई। ढेबरुआ थानाध्यक्ष जयवर्द्धन सिंह ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेज दिया गया है। तहरीर के आधार पर केस दर्ज कर छानबीन की जा रही है। जल्द ही आरोपी गिरफ्त में होगा।