गोरखपुर। डोमिनगढ़ स्टेशन पर जल्द ही तीसरा प्लेटफॉर्म बनेगा। इसके बनने के बाद ट्रेनों की आवाजाही आसान हो जाएगी। रेल प्रशासन ने नया प्लेटफॉर्म बनाने के लिए जगह तलाश ली है। डिजाइन बनाने की प्रक्रिया शुरू हो गई है।
रेल प्रशासन ने डोमिनगढ़ स्टेशन को सेटेलाइट स्टेशन बनाने की योजना बनाई थी। इसके पीछे मकसद था कि लखनऊ की ओर जाने वाली ट्रेनों को डोमिनगढ़ से ही चलाया जाए, जिससे गोरखपुर जंक्शन पर ट्रेनों की आवाजाही का दबाव कम हो, लेकिन सर्वे के बाद डोमिनगढ़ स्टेशन पर पर्याप्त जगह नहीं मिल पाई। इसके बाद रेल प्रशासन ने नया प्लेटफॉर्म बनाने पर मंथन शुरू किया है। अभी स्टेशन पर दो प्लेटफॉर्म हैं, एक नंबर प्लेटफॉर्म से ट्रेनें आती हैं, प्लेटफार्म दो से जाती हैं। तीसरा प्लेटफॉर्म बनने के बाद ट्रेनों को गुजारने का एक और विकल्प मिल जाएगा। नया प्लेटफॉर्म दो के बगल में बनाने की तैयारी है।
मंडल रेल प्रबंधक, लखनऊ आलोक कुमार सिंह ने बताया कि तीसरा प्लेटफॉर्म बनाने की प्रक्रिया चल रही है। इसके बनने से ट्रैफिक लोड कम हो जाएगा। डोमिनगढ़ स्टेशन पर ट्रेन खड़ी होने के बाद भी दूसरी ट्रेनों को पासिंग देने में आसानी होगी।