मुख्यालय पर जुलूस निकालते सर्व समाज के लोग।
- फोटो : अमर उजाला
सिद्धार्थनगर। अखिल भारतीय ब्राह्मण महासभा के बैनर तले सर्व समाज के लोगों ने गुरुवार को एससी/एसटी(अत्याचार रोधी) संशोधन बिल का विरोध जताया। वन विभाग कार्यालय से निकाली गई रैली कलेक्ट्रेट पहुंची। यहां राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन प्रशासनिक अधिकारी शिवपूजन को सौंपा।
ब्राह्मण महासभा के राष्ट्रीय महासचिव श्याम नरायन चौबे ने कहा कि केंद्र की सरकार सामान्य व पिछड़ा वर्ग के लोगों के साथ अन्याय कर रही है। इसका प्रमाण एससी/एसटी(अत्याचार रोधी) संशोधित बिल है। सुप्रीम कोर्ट द्वारा देश की 78 प्रतिशत सामान्य व पिछड़ा वर्ग की जनता के हित में किए गए बदलावों को पुन: संशोधित कर संसद में बिल लाया गया। अगर सरकार ने अपना निर्णय वापस नहीं लिया तो सर्व समाज के लोग सड़क पर उतरकर सरकार का विरोध करेंगे। शिक्षक विनय कांत मिश्र ने कहा कि सुप्रीम कोर्ट ने एससी,एसटी एक्ट की धारा का दुरुपयोग और आम लोगों को इस एक्ट से हो रही हानी को देखते हुए कुछ बदलाव कर दिया तो सुप्रीम कोर्ट का आदेश सरकार के लिए आदर्श नहीं रहा।
सरकार देश की एकता और अखंडता को तार-तार करने का काम रही है, लेकिन हम इसे पूरा नहीं होने देंगे। प्रधान संघ के जिलाध्यक्ष पवन मिश्र, जिला पंचायत सदस्य गंगा मिश्र, राजेश त्रिपाठी, दिपेंद्र मणि त्रिपाठी ने भी सरकार की मंशा पर सवाल खड़े किए। इस दौरान सनी उपाध्याय, पंकज उपाध्याय, जीतेंद्र सिंह, मानबहादुर सिंह, सुनील तिवारी, दिनेश उपाध्याय, राजेश शुक्ल, अजय मिश्र, अजय पाठक आदि मौजूद रहे।