बांस, पटरी से बने पुल से फिसले पालिका अध्यक्ष
पानी से घिरे एक मकान को देखने तथा लोगों से मिलले गए थे कृष्ण गोपाल
अमर उजाला ब्यूरो
महराजगंज। नगर पालिका परिषद महराजगंज के अध्यक्ष कृष्ण गोपाल जायसवाल बांस व पटरी से बने काम चलाऊ पुल से उस समय फिसल गए जब वह बरसात के पानी से घिरे एक मकान को देखने तथा प्रभावित परिवार से मिलने जा रहे थे। उन्होंने कहा कि इस रास्ते को प्राथमिकता के आधार पर बनवाया जाएगा।
नगर पालिका अध्यक्ष मंगलवार को बैकुंठपुर वार्ड में भ्रमण पर गए थे। वहां देखा कि उस मोहल्ले का एक मकान चारों तरफ से पानी से घिरा है। उस मकान तक जाने के लिए जो रास्ता है उस पर भी पानी भरा है। ज्यादा गहरा होने की वजह से लोगों ने अपने घरों तक जाने के लिए रास्ते में बांस व पटरी से पुल की तरह बना लिया है। उसी से लोग आते - जाते हैं। कृष्ण गोपाल जब पानी से घिरे घरों में रहने वालों के पास पहुंचकर समस्याएं जानने की कोशिश करने लगे तो काम चलाऊ पुल से फिसल गए। साथ चल रहे लोगों ने उन्हें संभाल लिया वरना वह पानी में गिर गए होते। उन्होंने वार्ड के लोगों से कहा कि अपने-अपने घरों के आसपास साफ - सफाई पर विशेष ध्यान दें और शौचालय का प्रयोग करें। भीष्म तिवारी, हरेराम गौतम आदि मौजूद रहे।