ठेकेदार के खिलाफ कार्रवाई की मांग
नौतनवां। ट्रक आपरेटर्स कल्याण समिति नौतनवां के सदस्यों ने पप्पू खान की नेतृत्व में तहसील सभागार में पहुंच कर जिलाधिकारी से मुलाकात की। इस दौरान ट्रक आपरेटरों ने ठेकेदार के खिलाफ शिकायती पत्र देकर कार्रवाई की मांग की।
संगठन के लोगों का आरोप है कि रेलवे ठेकेदार, एआरटीओ व स्थानीय पुलिस की मिलीभगत से रेलवे माल गोदाम नौतनवां, फरेंदा, नकहा व सरदार नगर गोरखपुर से नेपाल के लिए सभी ट्रकों पर निर्धारित से ज्यादा माल लदवाया जा रहा है। माल न लादे जाने पर ठेकेदार द्वारा ट्रक चालकों को मारने पीटने के साथ ही रैक प्वाइंट से भगा दिया जाता है। शिकायतें सुनने के बाद जिलाधिकारी अमरनाथ उपाध्याय ने संपूर्ण समाधान दिवस में मौजूद पीटीओ सुरेंद्र कुमार अग्रवाल को बुला कर संगठन के लोगों की शिकायतों की जांच करा कर दोषी के खिलाफ कार्रवाई का निर्देश दिया। इस मौके पर विजय शर्मा, बच्चू सरदार, हरिश्चंद्र पाठक, राजेंद्र सिंह, महंत सुरेश दास, ओमप्रकाश जायसवाल, पप्पू लाला, शमसुल, बब्लू खान ,भोला, अबरार, इमरान आदि मौजूद रहे।